महासमुन्द

सरिया से लदे ट्रक चोरी कर जलाया, दो गिरफ्तार
10-Jun-2021 4:53 PM
सरिया से लदे ट्रक चोरी कर जलाया, दो गिरफ्तार

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 जून।
सरिया से लदे ट्रक को चोरी करने के बाद कोमाखान थाना क्षेत्र में सबूत मिटाने आरोपियों ने ट्रक को जला दिया। सूचना पर पहुंची रायपुर पुलिस व साइबर की टीम ने दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने इस ट्रक को सरोरा थाना उरला रायपुर से तीन दिन पूर्व चुराया था और उसमें लदे सरिया को पिथौरा निवासी संपत पटेल के यहां उतार दिया था। सरिया का वजन करीब 10 टन था। पुलिस ने सरिया भी जब्त कर लिया है। 

एसडीओपी लितेल सिंह ने बताया कि सरोरा से सरिया से लदे ट्रक को आरोपियों ने चोरी कर पिथौरा थानांतर्गत जम्हर में संपत पटेल के यहां खाली कर वहां से 26 किलोमीटर दूर कोमाखान क्षेत्र के ग्राम भालुचुआं के पास जंगल के रास्ते में ट्रक जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। सूचना पर बागबाहरा व कोमाखान पुलिस ने आग बुझाई। ट्रक जलने की सूचना पर रायपुर से उरला पुलिस व साइबर की टीम घटना स्थल पहुंची और ट्रक का पहचान कर जम्हर निवासी सपंत पटेल के यहां से 10 टन सरिया जब्त किया गया। जम्हर पिथौरा निवासी संपत पटेल व सरोरा निवासी लक्ष्मीनारायण को गिरफ्तार किया है। 
 


अन्य पोस्ट