महासमुन्द

जिले के 5 सरकारी अंग्रेजी स्कूलों में कक्षा 1, 6, 9 में प्रवेश के लिए होड़
09-Jun-2021 5:31 PM
जिले के 5 सरकारी अंग्रेजी स्कूलों में कक्षा 1, 6, 9 में प्रवेश के लिए होड़

पहली से 12वीं तक की कक्षाओं में 2718 सीटें, 11वीं व 12वीं के लिए कम आवेद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासंमुद,  9 जून।
जिले में स्वामी आत्मानंद योजना के तहत संचालित सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में प्रवेश का कल अंतिम दिन है। पालकों को प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए दोबारा मौका नहीं मिलेगा। क्योंकि शिक्षा विभाग ने तिथि की बढ़ोतरी के संबंध में कोई आदेश नहीं दिया है। इसलिए पालकों को गुरुवार तक आवेदन करना होगा। जानकारी के मुताबिक अभी तक पांच सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में 2680 बच्चों ने प्रवेश के लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम से जमा किया है। सबसे ज्यादा मारामारी पहली, छठवीं और नवमीं की कक्षाओं में प्रवेश के लिए है।

इसी प्रकार ग्यारहवीं व बारहवीं की कक्षाओं के लिए एकदम कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिन स्कूलों के कक्षाओं में सीटों से अधिक आवेदन आए हैं, वहां कैटेगरी यानी प्राथमिकता वाले छात्र-छात्राओं को पहले प्रवेश दिया जाएगा। एक ही कैटेगरी में अधिक आवेदन आने पर लॉटरी सिस्टम से प्रवेश होगा। इसके बाद यदि सीटें खाली रहेगी तभी सामान्य वर्ग के बच्चों को प्रवेश का मौका दिया जाएगा। इस साल 50 प्रतिशत बालिकाओं के लिए सीट आरक्षित रखी गई है। इसके अलावा कोरोना संक्रमण में जिन बच्चों के परिजनों की मौत हुई है, उन्हें भी प्राथमिकता दी जाएगी। इस वर्ष जिले में चार नए अंग्रेजी माध्यम स्कूल का संचालन किया जा रहा है। ये नए स्कूल जिले के चार ब्लॉकों में है। सभी स्कूल ब्लॉक मुख्यालय में स्थापित हैं। ज्ञात हो कि जिला मुख्यालय तुमगांव रोड स्थित नयापारा में एक वर्ष पूर्व से ही स्कूल का संचालन शुरू हो गया है।

यहां भी कई कक्षाओं की सींटे कम थी। इसके लिए भी आवेदन मंगाए गए हैं। प्रवेश की प्रक्रिया समाप्त होते ही स्कूल में पढ़ाई शुरू हो जाएगी। 

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन ने बताया कि स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन मंगाए जा रहे हैं। पालक अपने बच्चों को इस स्कूल में पढ़ाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। कक्षा 11वीं व 12वीं में सीट अधिक लेकिन आवेदन कम
अंग्रेजी माध्यम स्कूल में ग्यारहवीं व बाहरवीं में सीटों के अनुपरू कम आवेदन प्राप्त हुए हंै। बाहरवीं कक्षा के लिए जिले के पांचों स्कूल के तीनों संकाय मिलाकर कुल 504 सीट है। लेकिन इसके लिए केवल 36 आवेदन ही मिले हैं। इसी तरह ग्यारहवीं कक्षा में कुल 400 सीटों में से 306 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। ग्यारहवीं में बायो की 185 सीट के लिए अब तक 152 आवेदन मिले हैं। सभी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में हायर सेकेंडरी में गणित, बायो और कॉमर्स की पढ़ाई होगी।

गौरतलब है कि इस शिक्षा सत्र में जिले में चार नए स्कूलों का संचालन शुरू हो रहा है। इसमें स्वामी आत्मांनद शासकीय अंग्रेजी स्कूल सरायपाली, बागबाहरा, बसना व पिथौरा शामिल है। ये सभी स्कूलें ब्लॉक मुख्यालय में है। वहीं जिला मुख्यालय में एकता चौक नयापारा अंग्रेजी माध्यम स्कूल का संचालन एक वर्ष पूर्व से शुरू हो गया है।

इस तरह पांच ब्लॉक के सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में कक्षा पहली में प्रवेश के लिए निर्धारित सीट से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं लेकिन सबसे ज्यादा आवेदन बागबाहरा, बसना व महासमुंद स्कूल में आए हंै, जो उपलब्ध सीटों से तीन गुना अधिक है। महासमुंद के स्कूल के लिए 189, बसना के लिए 140 और बागबाहरा में 104 आवेदन मिले हैं। पहली में प्रवेश के लिए निर्धारित मापदंड के अनुसार ही प्रवेश मिलेगा। यदि कैटेगरी के बावजूद आवेदन अधिक होंगे तो, उस पर लॉटरी निकाली जाएगी, जो राज्य स्तर पर निकलेगी। इसी प्रकार छटवीं में 160 सींट के लिए 268 व नवमीं में 168 सीट के लिए 286 आवेदन आए हैं। यहां भी लॉटरी सिस्टम से प्रवेश दिया जाएगा। 
 


अन्य पोस्ट