महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासंमुद 9 जून। आम आदमी पार्टी के प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अभिषेक जैन के नेतृत्व में कल आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर, संजय यादव महासमुन्द विधानसभा प्रभारी, कादिर चौहान सोसल मीडिया प्रभारी ने महासमुन्द सिटी कोतवाली में महासमुन्द जिला आबकारी अफसर के खिलाफ लॉकडाउन कानून तोडऩे के विरुद्ध जुर्म दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने एक आवेदन में कहा है कि शासन द्वारा सम्पूर्ण प्रदेश में 30 जून तक लॉकडाउन घोषित किया गया है। जिसके तहत पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू रहेगा। लेकिन बीते रविवार को पूर्ण लॉकडाउन काल में उन्होंने शराब दुकान को रातों रात अलग जगह स्थापित करने का काम किया है।
यहां लोगों की भारी भीड़ जुटी जो कि कानून का सरासर उल्लंघन है। अत: आम आदमी पार्टी महासमुन्द ये मांग करती है कि कोविड कानून का उल्लंघन करने वाले जिला आबकारी अधिकारी दिनकर वासनिक के विरुद्ध मुकदमा चलाया जाए।