महासमुन्द

धान के बदले पौधरोपण करने पर प्रति एकड़ 10 हजार प्रोत्साहन राशि
07-Jun-2021 8:13 PM
धान के बदले पौधरोपण करने पर प्रति एकड़ 10 हजार प्रोत्साहन राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जून।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्चुअल कार्यक्रम में महासमुंद वन मंडल के अंतर्गत महासमुंद विकासखंड के ग्राम मुंगई माता 4.85 एकड़ भूमि पर 1350 पौधे वृक्षारोपण का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों सहित वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं किसानों से वर्चुअल संवाद किया। वर्चुअल संवाद में संसदीय सचिव एवं विधायक महासमुंद विनोद चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, कलेक्टर डोमन सिंह, वन मंडल अधिकारी पंकज राजपूत, जिला पंचायत के सीईओ आकाश छिकारा सहित वन प्रबंधन समिति के सदस्य और कृषक शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अपने कार्यालय में ट्रेजर ऑफ छत्तीसगढ़ नामक पुस्तक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जिन किसानों ने खरीफ वर्ष.2020 में धान की फसल ली है, यदि वे धान फसल के बदले अपने खेतों में पौधा रोपण करते हैं तो उन्हें आगामी 3 वर्षों तक प्रति वर्ष 10 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी तरह पंचायतों के पास उपलब्ध राशि से यदि वाणिज्यिक वृक्षारोपण किया जाएगा तो 1 वर्ष बाद सफल पौधारोपण की दशा में संबंधित ग्राम पंचायतों को शासन की ओर से 10 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे भविष्य में पंचायतों की आय में वृद्धि हो जाएगी। 

इसके अलावा संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के पास उपलब्ध राशि से यदि वाणिज्यक के आधार पर राजस्व भूमि पर वृक्षारोपण किया जाता है तो पंचायत की तरह ही संबंधित समिति को 1 वर्ष बाद 10 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वृक्षों को काटने, विक्रय का अधिकार संबंधित समिति को होगा। इस दौरान कलेक्टर डोमन सिंह ने बताया कि शुभारंभ अवसर पर वन प्रबंधन समिति ग्राम मुंगईमाता में 4.85 एकड़ भूमि पर 1350 पौधें का वृक्षारोपण किया जा रहा है। 

20 किसान जिनके द्वारा पूर्व वर्षों में 127.03 एकड़ रकबा पर धान बोएं गए थे तथा इस वर्ष उसके बदले ष्मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 127.03 एकड़ में से 25 एकड़ भूमि पर वृक्षारोपण किया जाएगा। जिले के 05 ग्राम पंचायतों के द्वारा भी इस योजना के तहत 14.82 एकड़ रकबा में 1080 पौधें का रोपण करने जा रहे हैं। इनमें पंचायत के स्वयं की आय के माध्यम से करेंगे। जिसमें ग्राम बडग़ांव, टेमरी, पिरदा, बनडबरी,भोथलडीह शामिल है। इस दौरान अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर पौधरोपण भी किया।
 


अन्य पोस्ट