महासमुन्द

कोरोना की पहले व दूसरी लहर में पूरी तरह से सुरक्षित रहा बागबाहरा का धामनतोरी
07-Jun-2021 8:10 PM
कोरोना की पहले व दूसरी लहर में पूरी तरह  से सुरक्षित रहा बागबाहरा का धामनतोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जून।
कोरोना महामारी के दूसरे वेव में शहरों के साथ.साथ ग्रामीण क्षेत्र भी काफी प्रभावित हुआ। महासमुंद जिले के कई गांवों में बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं और कइयों की मौतें भी हुई हैं। दूसरी ओर जिले के बागबाहरा ब्लॉक का एक गांव ऐसा भी है, जहां अब तक कोरोना का एक भी मामला सामने नहीं आया। ब्लॉक का धामनतोरी गांव कोरोना के पहले व दूसरे लहर में पूरी तरह से सुरक्षित रहा है। 

इसका कारण है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम व लोगों के बचाव के लिए जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने मिलकर एक व्यवस्था बनाई है, जिसका पालन सभी ग्रामीण करते हैं। गांव के ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष टीकम प्रसाद दुबे कहते हैं कि गांव में कोरोना के शुरुआती दिनों में ज्यादा कड़ाई की गई थी। इसी के परिणाम स्वरूप लोगों ने दूसरे वेव में भी अनुशासन का परिचय दिया है।

गांव वाले बताते हैं कि गांव में 45 प्लस कैटेगरी के सभी लोगों का टीकाकरण हो गया है। वहीं 18 प्लस कैटेगरी में भी बहुत से लोगों ने खुसरुपाली केंद्र में जाकर टीका लगवा लिया है। लोगों की सुरक्षा के लिए ग्रामीणों ने 12 परिवारों को पलायन करने से रोका और इन परिवारों के लिए गांव में ही रोजी.मजदूरी की व्यवस्था की गई। गरीब परिवारों के लिए जन सहयोग से सूखा राशन, सब्जी और जलाऊ लकड़ी की व्यवस्था की गई।

गांव घामनतोरी ग्राम पंचायत दाबपाली का आश्रित गांव है। यहां की आबादी 532 लोगों की है। इनमें से अधिकतर छोटे किसान व रोजी.मजदूरी करने वाले ही हैं। गांव की सुरक्षा को लेकर पहले दौर में लागू किए गए कड़ाई के कारण ही लोगों में अनुशासन आ गया है। इसी के चलते वे चीकाकरण के लिए आगे आ रहे हैं और मास्क व सेनेटाइजर का उपयोग भी पूरे एहतियात से करते हैं। ग्रामीणों की सुविधा के लिए एक वाट्सएप ग्रुप बनाया गया है जिसमें गांव के प्रत्येक सदस्य जुड़े हुए हैं।

धामनतोरी से 4 किमी दूरी पर ग्राम खुसरूपाली है, जहां उपस्वास्थ्य केंद्र हैं। यहां 1 मितानिन व 1 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ग्रामीणों के स्वास्थ्य का ध्यान रखती हैं। गौरतलब है कि अब तक यहां कुल 146 लोगों ने कोरोना जांच करवाया थास जिनमें से सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई थी। वहीं गांव के युवाओं ने बताया कि गांव की साफ. सफाई के लिए सभी सामूहिक श्रमदान करते हैं और एक दूसरे की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। 
 


अन्य पोस्ट