महासमुन्द

सभी सामग्री नगर पालिका के स्टोर रूम में सुरक्षित-पार्षद
06-Jun-2021 7:38 PM
 सभी सामग्री नगर पालिका के स्टोर रूम में सुरक्षित-पार्षद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जून।
शासन के निर्देश पर पिछले एक साल से नगर पालिका सीमा में स्थित चार स्थानों को क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाया गया है। उन चार में से एक गुरु घांसीदास बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा भी शामिल है। कूलर, पंखा कोई महानदी का रेत नहीं है, जो उडक़र बिरकोनी जा पहुंचा हो। रैन बसेरा का कूलर, पंखा आदि सामग्री को नगर पालिका के स्टोर रूम में सुरक्षित रखा गया है।  संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर रैन बसेरा का निरीक्षण कर मीडिया में भ्रामक जानकारी देकर खुद को गरीबों का हितैषी बता रहे हैं। जबकि नगर पालिका अंर्तगत गरीबों के लिए संचालित आवास, श्रद्धांजलि जैसी महत्वपूर्ण योजना फंड की कमी के कारण बंद पड़ी है। उन योजनाओं को शुरू करने के लिए संसदीय सचिव को फंड के लिए राज्य सरकार से पहल करनी चाहिए। तभी गरीबों का सच्चा हितैषी माना जाएगा, न कि नगर पालिका परिषद की छबि धूमिल कर। उक्त बातें नगर पालिका के सभापति एवं पार्षदों ने संयुक्त रूप से कहा है।

संसदीय सचिव एवं विधायक के जारी बयान के विरोध में पलटवार करते हुए नगर पालिका सभापति संदीप घोष, देवीचंद राठी, माधवी महेन्द्र सिक्का, मनीष शर्मा, रिंकू चंद्राकर, मुन्ना देवार, पार्षद पवन पटेल, महेन्द्र जैन, मीना वर्मा, सरला गोलू मदनकार, कमला बरिहा, हेमलता संतोष यादव, राहुल चंद्राकर, हफीज कुर्रेशी, मंगेश टांकसाले ने एक संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि संसदीय सचिव ने रैन बसेरा निरीक्षण के बाद राजनीतिक हित साधने के लिए मीडिया के जरिए महासमुंद नगर पालिका परिषद की छबि धूमिल करने के लिए रैन बसेरा से कूलर, पंखा गायब होना और उन सामग्रियों का पंचनामा करने का जो स्वांग रचा है वो काबिले तारीफ है। 
सभापति एवं पार्षदों ने कहा कि 20 साल पहले निर्माणाधीन रैन बसेरा जो पूरी तरह से जर्जर हो चुका था। जिसे परिषद द्वारा जीर्णोद्धार सहित आवश्यक सामग्रियों के लिए 6 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। शासन के मंशानुरूप महिला स्व सहायता समूह को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा रैन बसेरा समूह को सौंपने के लिए प्रक्रिया पूरी कर ली है।

पिछले एक साल से कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में लॉक डाउन रहा। इस संकटकाल में कलेक्टर के आदेश पर शंकराचार्य सांस्कृतिक भवन, टाउन हॉल, दिलीप सिंह जुदेव सांस्कृतिक भवन और रैन बसेरा को क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया है। जो अब भी यथावत क्वारंटाइन सेंटर ही है। पार्षदों ने कहा किए संसदीय सचिव को गरीबों की इतनी चिंता है तो केन्द्र 60 प्रतिशत और राज्य सरकार की 40 प्रतिशत भागीदारी से गरीबों के लिए बनाए जाने वाला आवास योजना के 178 आवेदन लंबित है। राज्य सरकार से फंड उपलब्ध कराएं। जिससे किए गरीबों का आशियाना बन सके। गरीब परिवारों को मृत्यु उपरांत श्रद्धांजलि योजना के तहत 2 हजार रुपये दिया जाता था। जिसे राज्य सरकार ने फंड देना बंद कर दिया। जिसके कारण गरीबों को राशि नहीं मिल पा रहा है। उसके लिए संसदीय सचिव को राज्य सरकार से फंड मुहैया कराएं। तभी गरीबों का हितैषी माना जाएगा। पार्षदों ने आगे कहा कि संसदीय सचिव होने के नाते उनकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि अफसरों के साथ बिरकोनी जाकर पंचनामा करवाए कि आखिर महानदी का इतना रेत वहां कैसे पहुंचा? 
 


अन्य पोस्ट