महासमुन्द

रैन बसेरा से लाखों के सामान गायब
05-Jun-2021 6:51 PM
रैन बसेरा से लाखों के सामान गायब

संसदीय सचिव के निरीक्षण में खुलासा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जून।
गरीब लोगों को दिन व रात के समय आसरा देने के लिए शहर के बस स्टैंड में स्थित रैन बसेरा से लाखों के सामान गायब हो गये हैं। जो सामान बचे रह गये हैं, वे भी कबाड़ में तब्दील होने लगे हैं।  इस रैन बसेरा के लिए खरीदे गए कूलर, पंखे व अन्य सामान  गायब हैं। इसका खुलासा शुक्रवार को संसदीय सचिव व विधायक विनोद चंद्राकर के निरीक्षण के दौरान हुआ। उन्होंने लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई का निर्देश भी दिए हैं। वहीं एसडीएम, तहसीलदार व सीएमओ की मौजूदगी में सामानों का पंचनामा तैयार भी किया है।

मामला यह है कि नगरपालिका उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर की शिकायत के बाद  शुक्रवार को संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने नगरपालिका उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर, नेता प्रतिपक्ष राशि महिलांग, खिलावन बघेल, दाउलाल चंद्राकर, पार्षद राजेश नेताम, निखिलकांत साहू, राजू चंद्राकर, उर्मिला साहू, बबलू हरपाल, अमन चंद्राकर, डमरूधर मांझी, सुनील चंद्राकर, जावेद चौहान, विजय साव व कपिल साहू के साथ बस स्टैंड स्थित रैन बेसरा का आकस्मिक निरीक्षण किया।

इस दौरान यहां नाममात्र के पलंग, गद्दा, चादर ही मिले। दो कमरों के लिए मात्र पांच पंखे यहां लगाए गए थे। जबकि खरीदे गए पांच कूलर गायब मिले। इसी तरह कई अन्य सामान भी यहां से गायब मिले। इस दौरान एसडीएम चंद्रवंशी, तहसीलदार चोपड़ा व नगरपालिका सीएमओ एके हालदार की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया।

निरीक्षण के बाद संसदीय सचिव ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीबों को मिलने के बजाय यह गड़बड़ी की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। शहर में काम के लिए या राहगीरों को आसरा देने के लिए रैन बसेरा में कम दर पर घर जैसी सुविधाएं दी जानी थी। लेकिन नगरपालिका की अनदेखी की वजह से इसका लाभ जरूरतमंदों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यहां के लिए खरीदे गए सामानों के गायब होने पर नाराजगी जताते हुए इस मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
 


अन्य पोस्ट