महासमुन्द
महासमुंद, 4 जून। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने राज्य शासन की सरस्वती सायकल योजनान्तर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बेलसोंडा में अध्ययनरत छात्राओं को साइकिल वितरित की। इस दौरान संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने छात्राओं को कड़ी मेहनत कर स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन करने पर जोर दिया। बेलसोंडा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 3 जून को साइकिल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने छात्राओं को साइकिल वितरित की।
इस दौरान संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में साइकिल वितरण की यह योजना मील का पत्थर है। साइकिल मिलने के बाद अब बेटियों को पढ़ाई करने में दिक्कत नहीं आएगी। कोरोना महामारी के इस संकटकाल में नियमित शाला का संचालन नही हो रहा है, किंतु छात्र-छात्राएं असाइनमेंट व आनलाइन कक्षा से निरंतर जुड़ रही हैं। कोरोना काल में भले ही साइकिल का उपयोग अभी बेटियां कम कर पाएंगी लेकिन स्थिति में सुधार आते ही शिक्षा में नया अध्याय लिखेंगी। उन्होंने कहा कि बच्चे अपने रुचि व लगन को बनाएं रखें, उन्हें सफलता जरूर मिलेगी। शासन द्वारा सायकल प्रदान किए जाने से छात्राओं को शाला आने में सुविधा मिलेगी।