महासमुन्द
अप्रैल का वेतन तत्काल भुगतान के बाद धरना समाप्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 जून। जिला मुख्यालय स्थित धान संग्रहण केंद्र के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने ठेेकेदार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए केंद्र के सामने धरने पर बैठ थे, लेकिन डीएमओ व खाद्य अधिकारी की समझाईश व लिखित आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया। उनके धरना प्रदर्शन के बीच ही संग्रहण केंद्र के कर्मचारियों को अप्रैल महीने का वेतन तत्काल भुगतान किया गया। इसके बाद अधिकारियों के मान मनौव्वल पर कर्मचारियों ने धरना समाप्त किया।
संग्रहण केंद्र के कर्मचारियों ने बताया कि लॉकडाउन में भी दो महीने का वेतन ठेकेदार द्वारा भुगतान नहीं किया था। जिसकी वजह से परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल हो गया था। कई बार प्लेसमेंट कंपनी और विपणन विभाग से वेतन भुगतान के लिए कहा जा चुका है। बावजूद अब तक वेतन अप्राप्त है। वेतन की मांग ठेकेदार व अधिकारियों से करते रहे, लेकिन कर्मचारियों की कोई नहीं सुन नहीं रहा था। इसके बाद तंग आकर काम-काज बंद कर अनिश्चितकालीन धरने पर जाने का निर्णय लिया था। इसकी सूचना प्रशासन को कर्मचारियों ने दी थी, इसलिए सभी कर्मचारी सुबह 10 बजे से संग्रहण केंद्र के सामने धरने पर बैठे हुए थे। कर्मचारी राजेश मदनकार ने बताया कि करीब पखवाड़े भर पूर्व उन्होंने वेतन भुगतान की मांग को लेकर आंदोलन किया था। इस दौरान विपणन संघ के निर्देश पर प्लेसमेंट कंपनी की ओर से दो माह का वेतन सप्ताहभर के भीतर करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन 10 दिन बीतने के बाद भी अब तक वेतन नहीं मिला है। जिससे उन्हें फिर से आंंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा। उन्होंने बताया इस बार लिखित में आश्वासन मिलने के बाद ही धरने को समाप्त किया गया।