महासमुन्द
आरोपियों में एमपी के भी शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 मई। कोतवाली थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग- 53 से लगे ग्राम बिरकोनी में साइबर सेल व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने एक दुकान में छापामार कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा है। ये सभी संपूर्ण लॉकडाउन का फायदा उठाकर दुकान बंद कर अंदर में जुआ खेल रहे थे। इनके पास से टीम ने 1 लाख 29 हजार रुपए नगद व 3 बाइक बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी मध्यप्रदेश, तुमगांव व महासमुंद के रहने वाले हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि लॉकडाउन में संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। इसी तारमम्य में रविवार को सूचना मिली कि संपूर्ण लॉकडाउन का फायदा उठाकर दुकान ग्राम बिरकोनी पेट्रोल पंप के पास साई बाबा ट्रेडर्स में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। इसके बाद सायबर सेल व कोतवली की टीम को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
छापामार कार्रवाई के दौरान टीम ने बरबसपुर महासमुंद निवासी प्रकाश उर्फ रानू शर्मा, धनवार थाना साईखेड़ा जिला नरसिंहपुर मध्यप्रदेश निवासी साहब गिरी, अछोला थाना तुमगांव निवासी चंद्रिका प्रसाद साहू, उययापुर जिला रायसेन मध्यप्रदेश निवासी निसार खान, बंगलापारा तुमगांव निवासी भुनेश्वर साहू एवं कुर्मी पारा महासमुंद निवासी सुरेंद्र चंद्राकर पिता नायक राम चंद्राकर को पकड़ा है।