महासमुन्द
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 31 मई। आज सुबह से दोनों दंतैल वनमंडल महासमुंद, परिक्षेत्र महासमुंद के ग्राम बकमा में हैं। बीती रात लगभग 8.30 बजे दोनों दंतैल हाथी को बकमा एवं जिवतरा के मध्य खार में घूमते हुए ग्रामीणों द्वारा देखा था। इसके बाद रात लगभग 3 बजे दोनों बकमा में ब्यारे में ट्रैक्टर में रखे धान को नुकसान पहुंचा कर जिवतरा एवं कोना के मध्य खोर्रा पहाड़ी में चले गये। वन विभाग ने धनसूली, जीवतरा, बकमा, परसदा ख, कोना, खट्टी और आसपास के ग्रामीणों को अलर्ट किया है।
बिजराडीह के बाहरी इलाके में स्थित कच्चे घरों में रहने वाले तीन परिवारों को वन विभाग की टीम ने कल देर रात दंतैल से बचाकर पक्के मकान में शिफ्ट किया। शनिवार की रात एक महिला की जान लेने वाले दो दंतैल कल भी बिजराडीह के बाहरी इलाके में पहुंच गए थे। वन विभाग की टीम घटना के बाद से दोनों दंतैल पर नजर बनाई हुई है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कल देर रात तक दोनों दंतैल वापस महासमुंद की ओर एक बार फिर से जीवतरा पहाड़ी के पास पहुंच गए थे। वन विभाग की टीम अभी भी दंतैलों पर नजर बनाई हुई है, क्योंकि ये दंतैल आक्रमक हो गए हैं।
बागबाहरा वन परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर कमल नारायण नामदेव ने बताया कि देर रात सूचना मिली कि दो दंतैल ग्राम बिजराडीह के आउटर में पहुंच गए थे। वहां तीन कच्चे घर हैं, जहां परिवार निवास कर रहा था। दंतैल के मूवमेंट को देखकर टीम रेस्क्यू कर कच्चे घरों में रहने वाले तीन परिवार के सदस्यों को वहां से निकालकर गांव के हीराधर यादव के पक्के मकान में सुरक्षित पहुंचाया। रातभर परिवार मकान में सुरक्षित थे। आज सुबह होते ही वे अपने-अपने घर चले गए हैं।
उन्होंने बताया कि दंतैल के आवागमन को देखकर लगातार गांवों में मुनादी कराई जा रही है कि ग्रामीणों का दंतैल से सामना न हो। रात में घरों से निकलने के लिए भी मना किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात भी दोनों दंतैल फिंगेश्वर रेंज में जाकर रात में वापस महासमुंद वन परिक्षेत्र में लौटे थे।
