महासमुन्द

मोबाइल छीनकर भाग रहे 2 पकड़ाए
29-May-2021 6:24 PM
मोबाइल छीनकर भाग रहे  2 पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मई।
युवती का मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे दो युवकों को खल्लारी पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों रायपुर जिले के खमतराई थाना क्षेत्र के उरकुरा निवासी हैं। 
बागबाहरा थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि नरतोरा निवासी एक युवती शुक्रवार को अपने बड़े भाई प्रेम सागर ताण्डे, सहेली भारती नारंग के साथ बाइक में कॉलेज के काम से महासमुंद जा रही थी। करीब 11.30 बजे प्रतिभा पब्लिक स्कूल पेट्रोल पंप के पास बागबाहरा पहुंचे थे कि बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और प्रार्थिया के बाइक के सामने गाड़ी टिकाकर युवती के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर भाग निकले।

घटना के बाद दोनों युवती और उसका भाई चिल्लाने लगे। पीछे से आ रहे कुछ लोगों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बागबाहरा पुलिस के माध्यम से खल्लारी पुलिस को सूचना दी कि बाइक क्रमांक सीजी 04 एलएक्स 1672 में सवार दो युवक मोबाइल छीनकर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस ने थाने के सामने बैरीकेडिंग कर दोनों युवकों को पकड़ा। पकड़े गए युवकों में किशोर वर्मा (31) और अजय कुमार निर्मलकर (21) उरकुरा, थाना खमतराई है। दोनों युवकों के खिलाफ  बागबाहरा पुलिस ने धारा 392 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। 
 


अन्य पोस्ट