महासमुन्द

ओवरब्रिज के रेलवे वाले हिस्से में गर्डर के ऊपर सेटिंग प्लेट की फिटिंग शुरू
26-May-2021 8:33 PM
ओवरब्रिज के रेलवे वाले हिस्से में गर्डर के ऊपर सेटिंग प्लेट की फिटिंग शुरू

   गर्डर के 6 लाइन पर प्लेट फिट होने के बाद स्लैब की ढलाई होगी    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द, 26 मई। ओवरब्रिज के रेलवे वाले हिस्से में गर्डर के ऊपर सेटिंग प्लेट की फिटिंग शुरू हो गई है। दो लाइन पर सेटिंग प्लेट फिट भी हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक गर्डर के 6 लाइन पर प्लेट फिट होने के बाद स्लैब की ढलाई होगी। साथ ही साथ बारिश के पूर्व नाले में सीमेंट पाइप डाला जाएगा।

इसकी भी तैयारी जल्द ही शुरू होने वाली है। मंगलवार को रिटर्निंगवॉल के पास पोकलेन की सहायता से समतलीकरण का काम चल रहा था। इस स्थान पर 12 सीमेंट की पाइप पहुंच गई है। लॉकडाउन खुलने के बाद नाले में सीमेंट पाइप डालने का काम तेजी होगा। गौरतलब है कि पिछले वर्ष नगर पालिका के दुकानों को तोडऩे के बाद नाला सामने आया। इसके बाद से ही विभाग के लिए यह सिरदर्द बना हुआ है।

ओवरब्रिज निर्माण के प्रोजेक्ट मैनेजर अजय दत्ता ने बताया कि गर्डर पर स्लैब निर्माण के लिए सेंटिंग का काम चल रहा है। नाले को डायवर्ट करने के लिए भी सीमेंट की 12 पाइप पहुंच चुकी हैं। तीन.चार दिनों में फिर से स्थल का निरीक्षण किया जाएगा और नाला को डायवर्ट शुरू करने के लिए बैठक कर योजना तैयार की जाएगी। नाले में ड्रेनेज कंट्रोल करने के लिए खुदाई कर पाइप को डाला जाएगा। नाले को गंजपारा की तरफ  डायवर्ट करने की योजना है।

मालूम हो कि महासमुंद की ओर कार्य के लिए जगह नहीं मिलने के कारण कंपनी के कर्मचारी छुटे हुए कार्यों को पूरा कर रहे हैं। दो पिलर व ब्रिज पर चढऩे के लिए रास्ता व चौक का निर्माण किया जाना बाकी है। इस कार्य में लेट लतीफी हो रही है। नवंबर माह में ओवरब्रिज का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अभी भी शहरवासियों को जाम से मुक्ति के लिए 6 महीने का इंतजार करना पड़ेगा। लॉकडाउन की वजह से भी कार्य प्रभावित हो रहा है। तीन साल पहले इस ब्रिज के निर्माण के लिए 30 मई 2017 को कार्यादेश जारी हुआ था। आगामी 30 मई को प्रोजेक्ट को चार साल हो जाएंगे।


अन्य पोस्ट