महासमुन्द

कोरोना की संभावित तीसरी लहर की तैयारियां शुरू, कोविड केयर सेंटर में और संसाधन जुटाए जा रहे
26-May-2021 6:17 PM
कोरोना की संभावित तीसरी लहर की तैयारियां शुरू, कोविड केयर सेंटर में और संसाधन जुटाए जा रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा,  26 मई।
कोरोना संक्रमण की कम होती रफ्तार के बीच अब स्थानीय प्रशासन ने कोविड की संभावित तीसरी लहर की तैयारियां प्रारंभ कर दी है। स्थानीय कोविड केयर सेंटर में अब पांच बेड बच्चों की जरूरत के अनुसार बनाये जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर देश भर में कोरोना वैक्सीन लगाने की अपील के विपरीत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में विगत चार दिनों से 45 प्लस छोडक़र सभी वैक्सीनेशन बंद है।

कोविड की तीसरी संभावित लहर में छोटे बच्चों के प्रभावित होने की खबरों ने पालकों एवं प्रशासनिक हलकों में हलचल होने लगी है। जिसके लिए अभी से तैयारियां प्रारंभ कर दी गयी है। इसके लिए लहरौद स्थित कोविड केयर सेंटर में अब तक की सफलता देखते हुए उसके लिए और भी संसाधन जुटाए जा रहे हंै। उक्त सेंटर में अब पांच बेड पर बच्चों के उपचार के अनुसार तैयारियां की जा रही है।

दूसरी लहर में 147 भर्ती, 22 मौतें
कोविड की दूसरी घातक लहर ने लगातार दो माह तक कोहराम मचाया है। इस बीच आनन-फानन में जन सहयोग से पिथौरा सामुदायिक चिकित्सा केंद्र के अधीन एक कोविड केयर सेंटर भी खोला गया। इस कोविड सेंटर में 10 ऑक्सीजऩ बेड सहित कुल 100 बेड तैयार किये गए। स्थानीय खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. टी अग्रवाल के अनुसार अब तक उक्त सेंटर में कुल 147 मरीज भर्ती किये गए। इनमें 92 मरीज पूर्ण स्वस्थ होकर अपने घरों को वापस चले गए।30 मरीजो को प्राथमिक चिकित्सा के बाद जिला अस्पताल या मरीज के परिजनों के अनुसार अन्य अस्पतालों में भेजे गए। इसके अलावा यहां मौत का आंकड़ा 21 बताया गया। मौतों में अधिकांश मौत मात्र इसलिए हुई कि मरीज को उनके परिजनों ने अत्यंत गंभीर हालत में भर्ती करवाया था।

वर्तमान में 3 कोरोना मरीज भर्ती
स्थानीय कोविड सेंटर अपनी सफलता खुद ही बयान कर रहा है। सौ बेड इस सेंटर में अब मात्र 3 मरीज ही भर्ती हंै। सभी ऑक्सीजन पर हंै। ये भी जल्द ही स्वस्थ हो जाएंगे। बहरहाल स्थानीय प्रशासन की सक्रियता से जल्दीबाजी में बनने के बाद भी कोविड केयर सेंटर अपनी गति से चल रहा है।
स्थानीय एसडीएम राकेश कुमार गोलछा ने बताया कि नगर एवं क्षेत्र के सामाजिक एवं व्यापारी संगठनों ने भरपूर सहयोग देकर कोविड सेंटर में सभी सुविधाएं पूरी करने में अपना योगदान दिया। अब सम्भावित तीसरी लहर के लिए भी प्रशासन अपनी तैयारी युद्धस्तर पर कर रहा है। प्रशासन का प्रयास  होगा कि इस सेंटर में भर्ती मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार मिले।

वैक्सीनशन चार दिनों से पूर्णत: बंद
पूरे देश में सभी स्तर पर कोरोना को मात देने सभी वर्ग को वैक्सीन लगवाने की अपील की जा रही है परन्तु वैक्सीन सप्लाई नहीं होने के कारण विगत 4 दिनों से क्षेत्र के किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन का काम पूरी तरह बन्द है।  स्थानीय खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. तारा अग्रवाल ने बताया कि वैक्सीन की मांग भेजी गई है, परन्तु अब तक वैक्सीन नहीं आने से चार दिन पहले से वैक्सीनशन का कार्य रोकना पड़ा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोवैक्सीन मात्र 45 प्लस को लगाई जा रही है। एक-दो दिन में वैक्सीन आने की संभावना है। वैक्सीन आते ही पुन: सभी वर्ग को वैक्सीन का कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा।
 


अन्य पोस्ट