महासमुन्द

कल दो विकासखंडों में नहीं हुआ वैक्सीनेशन
23-May-2021 5:41 PM
कल दो विकासखंडों में  नहीं हुआ वैक्सीनेशन

महासमुंद ब्लॉक में एक ही सेंटर पर टीकाकरण, बाकी सेंटरों से लोग बैरंग लौटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 23 मई।
महासमुंद जिले में 18 प्लस कैटेगरी के टीकाकरण के लिए राज्य से शनिवार को जिले को 11 हजार टीका प्राप्त हुआ। आगामी दिनों में वैक्सीनेशन प्रोग्राम किस प्लान के तहत चलाया जाएगा। जिले में शनिवार को दो ब्लॉक में टीका नहीं होने के कारण वैक्सीनेशन प्रोग्राम ही आयोजित नहीं किया गया था। जिले में 870 लोगों को टीका लगाने के उद्देश्य से कुल 26 वैक्सीनेशन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सरायपाली व बागबाहरा ब्लॉक शामिल नहीं रहा है। वहीं महासमुंद ब्लॉक में भी सिर्फ 1 ही सेंटर पर टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

जिले के सरायपाली व बागबाहरा ब्लॉक में टीका लगवाने के लिए लोग विभिन्न सेंटरों में पहुंचते रहे। जहां उन्हें टीकाकरण सत्र नहीं आयोजित होने की सूचना दी गई। वहीं महासमुंद शहर में भी लोग टीका लगवाने के लिए विभिन्न सेंटर पहुंचते रहे। बसना ब्लॉक में कल कुल 16 सेंटरों पर सत्र आयोजित किया गया। वहीं पिथौरा ब्लॉक में 9 सेंटर बनाए थे और 1 सेंटर महासमुंद के झारा केंद्र में आयोजित किया गया।

गौरतलब है कि महासमुंद जिले में 45 प्लस, हेल्थ वर्कर्स और फ्रंट लाइन वॉरियर्स को मिलाकर अब तक 2 लाख 47 हजार 156 लोगों को पहले डोज की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। पर इनमें से सेकंड डोज केवल 62045 लोगों को ही लगाया जा चुका है। जबकि हेल्थ वर्कर्स और फ्रंट लाइन वर्कर्स का वैक्सीनेशन प्रोग्राम 16 जनवरी से शुरू हो चुका है। वहीं 45 प्लस आयुवर्ग के लोगों को 1 मार्च से वैक्सीन लगाई जा रही है। कल शनिवार को भी 45 प्लस कैटेगरी के वैक्सीनेशन प्रोग्राम के लिए जिले के 6 सेंटर पर सत्र आयोजित किया गया। हालांकि यह सत्र भी कोवैक्सीन वालों के लिए ही आयोजित किया गया था, जिसके लिए प्रत्येक सेंटर को 60-60 वैक्सीन की डोज भेजी गई थी।


अन्य पोस्ट