महासमुन्द

अटके पड़े हैं पुलिया निर्माण, स्वीमिंग पुल, इंडोर स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य
07-May-2021 5:00 PM
अटके पड़े हैं पुलिया निर्माण, स्वीमिंग पुल, इंडोर स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य

लॉकडाउन के कारण काम प्रभावित-इंजीनियर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 मई।
कोरोना वायरस संक्रमण के कारण शहर में विकास कार्यों की रफ्तार दो साल से धीमी हो गई है। निर्माण के कई कार्य अब तक शेष हैं। कुछ प्रोजेक्ट के तो महज 10 फीसदी काम ही बचे हैं। एनएच में पुलिया निर्माण, स्वीमिंग पुल, इंडोर स्टेडियम, पाइपलाइन, चौपाटी सहित अन्य विकास कार्य अटके पड़े हंै। इन निर्माण कार्यों की समायावधि भी समाप्त हो गई है। निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए ठेकेदारों ने सरकार से अतिरिक्त समय लिया है, ताकि काम पूरा हो जाए, लेकिन इस साल भी लॉकडाउन लग गया। शहर के भीतर इन दिनों जितने भी विकास कार्य हो रहे हैं वे दो से तीन साल पुराने हैं और इसके पूरे होने में अभी और वक्त है। 

गौरतलब है कि वन विभाग के खेल परिसर में छग गृह निर्माण मंडल की ओर से स्वीमिंग पूल का निर्माण कराया जा रहा है। इजीनियर का कहना है कि लॉकडाउन के कारण काम प्रभावित हो गया है। केवल 10 प्रतिशत काम ही शेष रह गया है। फिनिशिंग का काम चल रहा था, लेकिन लॉकडाउन के कारण काम बंद हो गया। टाइल्स लगाने का चल रहा है।

लॉकडाउन खुलने के बाद एक महीने में काम पूरा हो जाएगा। इसी तरह शहर के बीच से गुजरे एनएच-353 का चौड़ीकरण तो कर दिया गया है, लेकिन खरोरा पुल का निर्माण अभी बाकी है। वहीं सडक़ किनारे पेवर ब्लॉक का भी काम शेष रह गया है। खरोरा पुल के निर्माण में हो रही देरी के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है और डिवाइडर पर लगा ट्यूबलर लाइट भी नहीं जल पा रहा है। 

एनएच के इंजीनियर एके द्विवेदी ने बताया कि लॉकडाउन के कारण काम प्रभावित हो गया है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-353 बागबाहरा मार्ग पर में संजय कानन के पास इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण लगभग पूरा हो गया है। केवल फिनिशिंग का काम शेष रह गया है। राशि के अभाव में काम पूरा नहीं हो पाया है। शासन से राशि मिलते ही काम पूरा कराया जाएगा। 

नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने कहा कि शासन से राशि मांगी गई है लेकिन नहीं आया है। वर्तमान में करोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन है। 
 


अन्य पोस्ट