महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अप्रैल। लगातार कार्रवाई के बाद भी ठेला लगाकर व्यापार करने वाले नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे ही ठेले व्यापारियों पर गुरूवार को भी कार्रवाई की गई। गुरूवार को कोतवाली पुलिस ने 12 ठेले व्यापारी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। ये सभी एक स्थान पर भीड़ जुटाकर व्यापार कर रहे थे। इसके चलते सडक़ पर बहुत भीड़ हो रही थी और कोरोना संक्रमण के फैलाव का खतरा था।
कोतवाली प्रभारी शेर सिंह बंदे ने बताया कि बरोंडा चौक से बग्गा चौक तक फल व सब्जी बेचने वाले सडक़ किनारे नियम के विपरीत ठेला लगा रहे हैं। ऐसे 12 लोगों पर चलानी कार्रवाई करते हुए 1200 रुपए की वसूली की गई है। ज्ञात हो कि चालानी कार्रवाई के दूसरे दिन भी सडक़ पर एक स्थान में ठेला लगाकर ये सभी व्यापार कर रहे थे।
मालूम हो कि सब्जी और फलों के दाम अधिक होने के कारण आमजन काफी परेशान है। जबकि थोक व्यापारियों की ओर से सामान्य कीमत पर ही फुटकर व्यापारियों को सब्जी व फल उपलब्ध कराई जा रही है। बावजूद इसके लॉकडाउन में सब्जी व फल उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर फुटकर व्यापारी अधिक कीमत वसूल रहे हैं। सब्जी बाडिय़ों से 100-120 रुपए कैरेट टमाटर मिल रहा है। लेकिन ठेले में सब्जी बेचने वाले 20 रुपए किलो बेच रहे हैं। वहीं फल की कीमत भी आसमान छू रही है। फल वाले 480 रुपए किलो सेव बेच रहे हैं। अंगूर, संतरा, मोसब्बी सहित अन्य फलों के दाम भी काफी अधिक है।