महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अप्रैल। दुकान खोलकर सब्जी, किराना और अन्य सामान बेचते हुए लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन कर रहे व्यापारियों पर प्रशासनिक अमले ने चालानी कार्रवाई कर हजारों रुपये अर्थदंड वसूली की। बिना अनुमति के दुकान संचालित कर रहे एक दुकान को सील किए जाने की भी कार्रवाई की गई है।
एसडीएम सुनील चंद्रवंशी ने बताया कि गुरुवार सुबह वे टीम के साथ शहर में भ्रमण पर थे। इस दौरान बाजार वार्ड और सब्जी बाजार में कुछ व्यापारी आम दिनों की तरह दुकान खोलकर सामान बेच रहे थे। व्यापारियों को समझाइश देकर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इसमें 19 फल व सब्जी व्यापारियों पर पांच सौ रुपये की दर से जुर्माना किया गया, जबकि बाजार वार्ड के किराना व्यापारियों पर एक हजार रुपये की दर से जुर्माना लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक फ ल व सब्जी व्यापारियों में खोमन साहू, लिकेश्वरी बारले, भोला कोसले, हुसैन अली, रिंकु पटनायक, उल्लास खान, बड़ाहिन, माधव, जमुना पटेल, पिन्टू, गोविंद, भुनेश्वर,हेमू, मीना, अनिता, गायत्री, महादेव, डी सिन्हा पर पांच.पांच सौ रुपये जुर्माना किया। इसके अलावा नीता किराना, हरीश जनरल स्टोर्स, क्षमा अनाज, विजय अग्रवाल और दिलीप कृष्णानी से एक.एक हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया।