महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अप्रैल। जिले में गंभीर मरीजों के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन की आपूर्ति भी लगातार की जा रही है। मंगलवार को जिलेभर में करीब 50 डोज की आपूर्ति की गई है। इस डोज को स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीधे अस्पतालों को भेजा गया, जहां मरीजों को इसकी आवश्यकता है। मालूम हो कि रेमडेसिविर की कालाबाजारी को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब इसकी आपूर्ति सीधे अस्पतालों में की जा रही है। अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीज और उनके स्वास्थ्य का अपडेट भी लिया जा रहा है। महासमुंद जिले में कोरोना से जंग जारी है। इस बीच अच्छी खबर ये है कि अप्रैल महीने में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा जिस तरह से बढ़ा है। वैसे ही अब इससे स्वस्थ होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है।
जानकारी के अनुसार पिछले 27 दिन में 7094 लोगों ने कोरोना को मात दी है। कल मंगलवार को एक साथ 11 सौ मरीज स्वस्थ हुए हैं। इसी तरह 18 अप्रैल को सर्वाधिक 1218 मरीज एक साथ स्वस्थ हुए थे। जो अब तक एक ही दिन में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में सर्वाधिक है। महासमुंद जिले में मंगलवार को 365 मरीजों की पहचान हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार महासमुंद ब्लॉक में 158, बागबाहरा में 46, पिथौरा में 30, बसना में 64 और सरायपाली ब्लॉक में 67 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मंगलवार को कुल 1495 सैंपल की जांच की गई। महासमुंद जिले में मंगलवार को 11 सौ मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं 3 की मौत भी हुई है। जिले में अब तक कुल 20764 मरीजों की पहचान हो चुकी है। इनमें से 16633 स्वस्थ भी हुए हैं।