महासमुन्द

सरायपाली में दुकानों-गोदामों से 27 लाख की गुटखा, तंबाकू, गुड़ाखू जब्त
28-Apr-2021 2:17 PM
सरायपाली में दुकानों-गोदामों से 27  लाख की गुटखा, तंबाकू, गुड़ाखू जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अप्रैल।
सरायपाली पुलिस ने मंगलवार को अलग-अलग दुकान व गोदाम में छापामार कार्रवाई करते हुए 27 लाख रुपए का जर्दायुक्त गुटाखा, तंबाकू व गुड़ाखू जब्त किया है। यह सामान शहर के पांच बड़े थोक व्यापारियों से बरामद की गई है। 

बताया जा रहा है कि लॉकडाउन के पहले व्यापारियों ने बिलासपुर एवं अन्य जिलों से गुटाखा, तंबाकू व गुड़ाखू का स्टॉक रखा था। जिसे लॉकडाउन की अवधि में मनमाने कीमत पर बेच रहे थे। इसकी शिकायत लगातार सरायपाली पुलिस को मिल रही थी। शिकायत पर मंगलवार को टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पांचों व्यापारियों पर पुलिस ने कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से सरायपाली क्षेत्र में हडक़ंप मच गया है। साथ ही जानकारी मिली है कि सरायपाली पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का काफी दबाव भी था। 

सरायपाली थाना प्रभारी वीणा यादव के मुताबिक शहर के अंदर थोक व्यापारियों द्वारा लॉकडाउन के दौरान नियमों का उल्लंघन कर प्रतिबंधित जर्दायुक्त गुटखा, तंबाकू व गुड़ाखू भारी मात्रा में दुकान व गोदाम में अवैध रूप से रखा गया था। लॉकडाउन लगने के पूर्व ही थोक व्यापारियों ने जर्दायुक्त गुटखा, तंबाकू व गुड़ाखू की कालाबाजारी करने के लिए स्टॉक में रख लिए थे। इसे वर्तमान में मनमाने कीमत पर बेच रहे थे। सरायपाली सहित पूरे जिले में गुटखा, तंबाकू व गुड़ाखू के व्यवसाय करने वाले थोक व्यापारियों के पास भारी मात्रा में दुकान व गोदामों में सामान रखा हुआ था। 


अन्य पोस्ट