महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अप्रैल। लॉकडाउन के बीच प्रशासन ने सब्जी व फल व्यापारियों को बिक्री करने की अनुमति दे दी है लेकिन व्यापारियों द्वारा अधिक कीमत में विक्रय किए जाने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
शहर में सब्जी की अपेक्षा फल अधिक कीमत पर बिक रहा है। जानकारी के मुताबिक आम दिनों में डेढ़ सौ रुपये किलो बिकने वाला सेव इन दिनों तीन सौ रुपये किलो बिक रहा है। इसी तरह संतरा और अनार भी दो सौ, ढाई सौ रुपये प्रतिकिलो के भाव से बिक रहा है। बाजार में गर्मी के शुरु होने के साथ ही आम की आवक भी शुरु हो गई है, लेकिन दो सौ रुपये किलो के भाव से बिकने की वजह से लोगों की पहुंच से दूर है। अंगूर भी दो सौ रुपये प्रतिकिलो के भाव से व्यापारी बेच रहे हैं।
स्थानीय फार्म हाऊस और बाडिय़ों से सब्जियों की बाहर सप्लाई न होने से आवक अधिक है। लेकिन इसका विक्रय करने वाले व्यापारी भी लाकडाउन का फायदा उठाकर इसे अधिक कीमत पर बेच रहे हैं। टमाटर 30, भिंडी 40, करेला 50, बरबट्टी 50, पालक 40, लालभाजी 40, चौलाई 50, चेंच भाजी 40 रुपये किलो है। जबकि इनकी कीमत आम समय में आधी होती है। बता दें कि शहर में 46 सब्जी और 29 फल व्यापारियों को प्रशासन की ओर से विक्रय की अनुमति दी गई है। फल व्यापारी विनोद रात्रे ने बताया कि आवक ही महंगी है। बाद भी वे कम मुनाफा लेकर बेच रहे हैं। सेव, अंगूर और संतरे आवक लाकडाउन में महंगे हैं। उन्होंने कहा कि हो सकता है कुछ लोग कीमत बढ़ाकर बेच रहे हों। कीमतों की जानकारी प्रशासनिक अफसरों को भी है बावजूद व्यापारियों की मनमानी पर रोक लगाने को लेकर उनका रवैया उदासीन है।
एसडीएम सुनील चंद्रवंशी ने कीमतों को लेकर व्यापारियों से बातचीत करने की बात कही है। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने भी व्यापारियों से बातचीत कर कीमत कम कराने की बात कही है।