महासमुन्द
बागबाहरा पुलिस और साइबर सेल की कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अप्रैल। आईपीएल के राजस्थान रॉयल और कोलकाता नाइट राइडर के बीच शनिवार को खेले गए मुकाबले के दौरान ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए महासमुंद जिले के दो युवक पकड़े गए हैं। दोनों युवक बागबाहरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों के पास से लाखों रुपए का सट्टा-पट्टी सहित अन्य उपकरण और नगदी रकम बरामद किया गया है। दोनों के खिलाफ जुआ एक्ट के दो अलग-अलग प्रकरण बागबाहरा थाने में दर्ज किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बागबाहरा में ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना पर बागबाहरा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने वार्ड नंबर 4 डांगडीपारा निवासी युनूस खान के घर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान कोलकाता और राजस्थान के बीच चल रहे मैच में बॉलिंग, बैटिंग और अंतिम परिणाम में दांव लगाया जा रहा था। पुलिस ने युनूस के पास से मोबाइल, टीवी, सट्टापट्टी सहित नगद रकम बरामद किया है।
इसी तरह पुलिस ने बागबाहरा के रेलवे स्टेशन के पीछे रहने वाले प्रकाश मानिकपुरी के घर भी छापामार कार्रवाई की। यहां भी रुपए पैसे का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा का कारोबार चल रहा था। मौके से टीम ने प्रकाश मानिकपुरी वार्ड क्रमांक14 पोटर पारा बागबाहरा को पकड़ा। घर से टीम को दो नग सट्टा पट्टी जिस पर विभिन्न अंको के सामने रुपए पैसों का दांव 69 हजार 580रुपए लिखा था के साथ कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, नगदी रकम जब्त किया गया। बागबाहरा थाने में धारा 4 क जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।