महासमुन्द
महासमुंद, 24 अप्रैल। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के चलते जिले से बाहर गए लोगों का लॉकडाउन के कारण पुन: अपने क्षेत्र में वापस लौटने लगे हैं। ओडिशा के अंगुल में ईंट बनाने का काम कर रहे रूपापाली निवासी भोगी लाल यादव, वीरेंद्र डबरी निवासी देवशरण यादव, कुरमाडीह निवासी परदेशी यादव के साथ 19-20 लोग जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं, चार महीने पहले ईंट बनाने अंगुल गए हुए थे। ये सभी लॉकडाउन के बीच कई जगह गाड़ी बदलते हुए सरायपाली तक पहुंचे हैं। गांव पहुंचते वक्त सभी शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मास्क लगाए हुए थे। भोगीलाल ने ‘छत्तीसगढ़’ को यह तस्वीर भेजी और बताया कि अभी हम लोग ग्राम पंचायत द्वारा बनाए गए क्वॉरंटीन सेंटर में 14 दिन रहेंगे और उसी बीच अपना कोरोना जांच करवाएंगे तथा जो भी परिणाम आएगा, उसका पालन करेंगे। संबंधित पंचायत रूपापाली के सरपंच से संपर्क करने की कोशिश की गई, पर संपर्क नहीं हो पाया।