महासमुन्द

शादी घर वाले परेशान कि बुकिंग निरस्त करें या मेहमानों की संख्या घटा दें?
05-Apr-2021 4:50 PM
शादी घर वाले परेशान कि बुकिंग निरस्त करें या मेहमानों की संख्या घटा दें?

नई गाइडलाइन में विवाह कार्यक्रम में 50 लोगों के ही शामिल करने की अनिवार्य शर्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अप्रैल। 
कोरोना की बढ़ती रफ्तार और जारी नई गाइडलाइन में विवाह कार्यक्रम में 50 लोगों के ही शामिल करने की अनिवार्य शर्त ने विवाह संपन्न कराने वालों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे परिजन जो अपने बेटे-बेटियों की शादी का पूरा इंतजार कर चुके हैं, वे अब हिचकिचा रह हैं। उन्हें चिंता सता रही है कि आगे कहीं लॉकडाउन भी न हो जाए। 

प्रशासन के कड़े नियमों के चलते ऐसे लोग टेंट, खाना, फोटो और अन्य बुकिंग कराने से भी डर रहे हैं। आने वाले दिनों में जिनके घरों में विवाह कार्यक्रम होना है, वे समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या करें, कैसे करें? होटल और शादी घर की बुकिंग निरस्त करें या मेहमानों की संख्या घटा दें? इन बातों को लेकर शादी घर वाले परेशान हो चुके हैं। बुकिंग कैंसिल और एडवांस कम मिलने से टेंट, फोटो, केटरिंग वालों को भी कारोबार चौपट होने की चिंता सता रही है। अब तक विवाह कार्यक्रम के लिए तहसील कार्यालय में 50 से भी अधिक आवेदन जमा हो चुके हैं।

17 दिनों बाद 22 अप्रैल से मांगलिक कार्य शुरू हो रहे हैं। अप्रैल में 5 और मई में 11 मुहूर्त हैं। विवाह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है, लेकिन कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच एक बार फिर विवाह में उत्साह कम हो गया। प्रशासन ने संख्या केवल 50 अनिवार्य कर दिया है। शासन ने नाइट कफ्र्यू भी लगा दिया है ऐसे में रात में इमरजेंसी में कोई सामान नहीं मिलेगा। पटाखा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग भी नहीं कर सकेंगे। देश के बाहर या अन्य इलाकों से मेहमान उतनी आसानी से नहीं आ सकेंगे लेकिन बाहर से आने वालों से संक्रमण का खतरा बना रहेगा। 
 


अन्य पोस्ट