महासमुन्द

हत्या या खुदकुशी, जांच जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 5 अप्रैल। बीती रात कोतवाली थाना अंतर्गत नदीमोड़ में पुल के नीचे एक 20 वर्षीय युवक की लाश मिली है। पुलिस ने शव की पहचान करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है। यह आत्महत्या है, हत्या है अथवा दुर्घटना, पुलिस घटना के कारण का पता लगाने में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोहेब शाह पिता रफीक शाह वार्ड नंबर 5 नयापारा महासमुंद का निवासी कार मैकेनिक का काम पारागांव थाना आरंग में करता था। वह रोज रात 8 बजे घर आ जाता था। लेकिन बीती रात 10 बजे तक नहीं आने से उसे ढूंढने के लिए उसके परिजन पारा गांव गए। जहां उसका दुकान बंद मिला।
आसपास लोगों से पूछने पर पता चला कि वह शाम 6 बजे दुकान बंद करके जा चुका है। उसके दोस्तों से पूछने पर पता चला कि हम नहीं जानते हैं। तभी पारा गांव से वापस आते समय महानदी पुल के ऊपर उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जीपी 0 677 खड़ी मिली। मोटरसाइकल का हैंडल लॉक था। आसपास ढूंढने पर कुछ पता नहीं चला रहा था, तभी पुल के नीचे टॉर्च जलाकर देखा तो वहां एक व्यक्ति नीचे गिरा पड़ा हुआ था, जो रफीक शाह का लडक़ा ही था।
थाना पेट्रोलिंग एवं चौकी घोड़ारी के स्टाफ मृतक के परिजन के साथ शव को लेकर जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचे। आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दी गई है। यह हत्या है या आत्महत्या, इस बात का पता पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।