महासमुन्द

महिला की चाकू गोदकर हत्या, आरोपी फरार
27-Mar-2021 2:11 PM
महिला की चाकू गोदकर हत्या, आरोपी फरार

   -नाकेबंदी करके जांच-तलाश    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मार्च।
कल देर शाम महासमुंद थानांतर्गत बम्हनी में एक महिला की घर में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आज समाचार लिखते दोपहर  2 बजे तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस ने सभी रास्ते की नाकेबंदी करके जांच कर रही है। आरोपी की तलाश जारी है।

एसडीओपी नारद सूर्यवंशी ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि रात भर पुलिस आरोपी की खोज करती रही, लेकिन अब तक मामले में कोई सुराग नहीं मिला है। श्री सूर्यवंशी के मुताबिक घटना के वक्त महासमुंद पुलिस के जवान कोरोना को लेकर बम्हनी में ही थे। लेकिन जवानों को भी वारदात की भनक नहीं लगी। अभी तक केवल यही बातें सामने आई है कि घटना को अंजाम देने बाद कोई व्यक्ति बाहर की ओर दौड़ा है, उसका मुंह ढंका हुआ था। पुलिस ने तत्काल सभी रास्ते की नाकेबंदी करके जांच जारी रखी हुई है। 

श्री सूर्यवंशी के मुताबिक वारदात बीती रात लगभग 8 बजे की है। बम्हनी में संतोषी यादव (45) खाना बना रही थी, तभी आरोपी अंदर आया और चाकू से महिला की हत्या कर भाग निकला। घटना के वक्त वह घर में अकेली थी। जानकारी के अनुसार मृतका का पति परमानंद गांव के ही सहकारी समिति में कार्यरत है। घटना के वक्त वह घर में नहीं था। समिति का काम निपटा कर लौटते समय पान दुकान में था, तभी घटना की सूचना उसे मोबाइल पर पड़ोसियों से मिली। घर में पति-पत्नी दोनों ही रहते थे। उनके दो बच्चे हैं और दोनों की शादी हो चुकी है। मृतका का देवर राजू यादव ठेठेवार समाज के प्रदेश संगठन पदाधिकारी है और गांव में ही रहते हैं। उन्हें भी घटना की जानकारी बाद में मिली। 
पुलिस को खबर मिलते ही मामले की तफ्तीश जारी है। आज सुबह साढ़े 8 बजे पंचनामे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
 


अन्य पोस्ट