महासमुन्द
महासमुन्द, 17 फरवरी। महासमुन्द विकासखण्ड के मॉडल गौठान ग्राम बम्हनी में पशु चिकित्सा सेवाएं द्वारा विभागीय व्यक्तिमूलक योजनान्तर्गत 11 बैकयार्ड कुक्कुट इकाई का वितरण किया गया।
जनपद पंचायत महासमुन्द के कृषि स्थायी समिति के सभापति दिग्विजय साहू, स्वास्थ्य समिति के सभापति अश्वनी सचिन गायकवाड, ग्राम सरपंच खिलेश्वरी साहू, गौठान समिति के अध्यक्ष गणेश ध्रुव के हाथों हितग्राहियों को 10 बैकयार्ड कुक्कुट इकाई का वितरण किया गया। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक हितग्राही को 28 दिवसीय बिना लिंग भेद के 45 रंगीन चूजे एवं 18 किलोग्राम कुक्कुट आहार प्रदाय किया जाता है।
पशु चिकित्सा सेवायें के उप संचालक डॉ. धरमदास झारिया के मार्गदर्शन में विशेष घटक योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के राजकुमारी बघेल, लछवंतीन सोनवानी, राजेश्वरी बघेल, शांतिबाई, बुधवंतीन सोनवानी, हेमिनबाई बघेल, सतवंतिन बंजारे को इस योजना से लाभान्वित किया गया। इसी प्रकार सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के तोरण यादव, दयालु यादव एवं संतोष यादव को बैकयार्ड कुक्कुट इकाई प्रदाय किया गया।
इसके अलावा ग्राम लाफिनखुर्द के अनुसूचित जाति वर्ग के छगनलाल को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी डॉ. सी.एस. चंद्राकर, एल.सी.देवांगन एवं पशु परिचारक चित्रेखा पटेल सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।


