महासमुन्द

मलमास के आधा बीतने पर खरीदारी की मनाही नहीं-पंकज तिवारी
28-Dec-2020 3:12 PM
मलमास के आधा बीतने पर खरीदारी की मनाही नहीं-पंकज तिवारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 28 दिसम्बर।
ज्योतिषाचार्य नगर पुरोहित पंकज तिवारी ने बताया कि इस साल 15-16 दिसम्बर की मध्यरात्रि में सूर्य धनु राशि में प्रवेश कर गए हैं। इसलिए 16 दिसम्बर से 14 जनवरी 2021 तक धनु संक्रांति होने से मलमास दोष रहेगा। 

ज्योतिष ग्रंथों के मुताबिक इन दिनों में भवन, भूमि या रीयल इस्टेट से जुड़ी खरीदारी भी की जा सकती है। केवल सोने और गुरु ग्रह से सम्बंधित चीजों की खरीदारी के लिए इस समय को ठीक नहीं है। पं.तिवारी के मुताबिक शास्त्रों में मलमास के आधा बीतने पर खरीदारी की मनाही नहीं है। मलमास की शुरुआत 16 दिसम्बर से हो चुकी है। सूर्य के धनु राशि में आने से खरमास शुरू होना माना जाता है। इसलिए 14 जनवरी 2021 तक मांगलिक कार्य नहीं किए जाएंगे। लेकिन खरमास में किसी को जमीन, मकान या वाहन खरीदना है तो वे आधा मलमास बीतने के बाद खरीद सकते हैं। इसके लिए 1 जनवरी से योग है। इन 14 दिनोंं में 8 श्रेष्ठ मुहूर्त है, जिसमें खरीददारी कर सकते हंै। अगर अति आवश्यक हो तो चीजें खरीदने में कोई समस्या नहीं है। वाहन आदि भी खरीदे जा सकते हैं। केवल नए वस्त्र और आभूषण आदि नहीं पहनने चाहिए, लेकिन इन्हें खरीद सकते हैं। 

पंडित जी कहते हैं कि सूर्य 14 जनवरी 2021 को मकर राशि में प्रवेश करेगा। इस दिन मकर संक्रांति पर्व मनाया जाता है और पवित्र नदियों में स्नान करके दान किया जाता है। इस दिन से उत्तरायण प्रारंभ होता है। 

विवाह समेत समस्त शुभ कार्य इसी दिन से प्रारंभ हो जाते हैं, लेकिन इस साल 16 जनवरी को गुरु तारा अस्त हो जाएगा और 16 फरवरी तक अस्त ही रहेगा। गुरु ग्रह अस्त होने पर भी शुभ विवाह नहीं होता है। 16 फरवरी से 18 अप्रैल तक शुक्र ग्रह अस्त रहेगा। मांगलिक कार्य के लिए शुभमुहूर्त नहीं है और 22 अप्रैल.2021 से साल का पहला शुभ मुहूर्त होगा और शादियां व शुभकार्यों का शुभारंभ होगा। बीच में 16 फरवरी को बसंत पंचमी को भी अबूझ मुहूर्त रहता है। इस दिन भी बिना मुहूर्त देखे विवाह कार्य होते हैं।
 


अन्य पोस्ट