महासमुन्द

संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय व बंधुत्व का संदेश देता है -हेमंत खुटे
27-Nov-2026 8:34 PM
संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय व बंधुत्व का संदेश देता है -हेमंत खुटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 27 नवंबर। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला कसहीबाहरा में संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के संस्था प्रमुख हेमंत खुटे ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इसके साथ ही विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने संविधान की उद्देशिका का लेखन कर आकर्षक सजावट की तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का रेखाचित्र बनाकर अपनी चित्रकला प्रतिभा का प्रदर्शन किया।  प्रतियोगिताओं में चित्रकला के अंतर्गत प्रथम स्थान  कुलदीप एवं द्वितीय स्थान  दुष्यंत ने प्राप्त किया।  वहीं उद्देशिका लेखन एवं सजावट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लिलेश्वरी तथा द्वितीय स्थान हिमेश्वरी  को मिला। सभी विजेता प्रतिभागियों को संस्था प्रमुख हेमंत खुटे द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर संस्था प्रमुख हेमंत खुटे ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रसिद्ध कथन-  ‘शिक्षा शेरनी का वह दूध है, जो इसे पियेगा वह दहाड़ेगा ’ को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के जीवन में ज्ञान, आत्मविश्वास और अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करने का सबसे सशक्त माध्यम है। बाबा साहेब ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन और समानता का आधार माना था। हमें उनके विचारों को आत्मसात करते हुए शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन को बेहतर बनाने के साथ-साथ एक जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनना चाहिए। संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। इसकी रक्षा करना और संवैधानिक मूल्यों का पालन करना हम सभी का कर्तव्य है।

कार्यक्रम में शिक्षक दिलीप कुमार पटेल एवं शिक्षिका तबस्सुम ने भी संविधान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संविधान के मूल अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी।


अन्य पोस्ट