महासमुन्द

भालू के हमले से वन कर्मी जख्मी
18-Nov-2026 5:51 PM
भालू के हमले से वन कर्मी जख्मी

महासमुंद, 18 नवम्बर। महासमुंद जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुनसुनिया में भालू के हमले से वन विभाग का एक कर्मचारी घायल हो गया। घायल कर्मचारी की पहचान अविनाश तिवारी के रूप में हुई है, जो वन विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी है। भालू के हमले में उसकी आंख और सिर में चोट आई है।
ग्राम सुनसुनिया में लालचंद जैन की बाड़ी में एक भालू फलदार पेड़ों से फल खा रहा था। भालू के साथ उसके दो शावक भी मौजूद थे। इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और वहां से खदेडऩे का प्रयास करने लगा।
इसी दौरान भालू ने अचानक वन विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अविनाश तिवारी पर हमला कर दिया। हमले में कर्मचारी की आंख और सिर में चोट आई। घटना के बाद वन अमले ने घायल कर्मचारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया। गांव में भालू और उसके दो शावकों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीव की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
 


अन्य पोस्ट