महासमुन्द
गबन, प्रभारी प्राचार्य संग सहायक ग्रेड-2 निलंबित
महासमुंद,19 सितम्बर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरपुर में वेतन-भत्तों में हेरफेर कर शासकीय राशि के गबन के मामले में लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के तत्कालीन सहायक ग्रेड-2 अकील मोहम्मद खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार निलंबित सहायक ग्रेड-2 नारायण प्रसाद निर्मलकर ने सहायक शिक्षक विज्ञान विपिन कुमार साहू के वास्तविक वेतन-भत्तों में अत्यधिक वृद्धि कर कोषालय से राशि आहरित की। मई 2025 से जनवरी 2026 तक नियमित वेतन देयक में कथित रूप से ऑनलाइन ई-बिल तैयार कर अधिक राशि निकाली गई और अंतर की राशि स्वयं के बैंक खाते में ट्रांसफर कर गबन किया गया।
आदेश में कहा गया है कि इस मामले में आहरण एवं संवितरण अधिकारी उमा ठाकुर और बजट कक्ष प्रभारी अकील मोहम्मद खान की संलिप्तता पाई गई है। कोष, लेखा व पेंशन छत्तीसगढ़ की जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। संचालनालय ने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता, नियमों की अनदेखी, फ्रॉड और षड्यंत्र माना है। दोनों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील, नियम 1966 मानकर डीईओ कार्यालय महासमुंद में नियत किया गया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।