महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 सितंबर। महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में दर्ज अवैध मादक पदार्थ गांजा परिवहन के मामले में विशेष न्यायालय सरायपाली ने दो आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 12-12 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 1-1 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। निर्णय 2 सितंबर को सुनाया गया। 4 जनवरी 2022 को एनएच-53 स्थित रियाज ढाबा के सामने गनियारीपाली में सिंघोड़ा पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी। ओडिशा की ओर से आ रही टाटा जेस्ट कार से 24 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने कार सवार विकास मलिक तथा निर्मल विश्वाल दोनों निवासी ग्राम/थाना मनोमुंडा, जिला बौद्ध (ओडिशा) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था।
मामले की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी उप निरीक्षक चंद्रकांत साहू द्वारा की गई।
जब्त गांजा का एफएसएल रायपुर से परीक्षण कराने के पश्चात पुलिस ने वैज्ञानिक व दस्तावेजी साक्ष्य संकलित कर निर्धारित समयावधि में विशेष न्यायालय सरायपाली में चालान प्रस्तुत किया।
मामले की सुनवाई पूर्ण होने के उपरांत न्यायालय ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषी पाया और 12-12 वर्ष के कारावास तथा 1-1 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।