महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 सितम्बर। जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद ने ज्ञापन सौंपकर कहा है कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम के उपरांत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के प्रति दुर्भावना रखते हुए भाजपा एवं आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा एक निंदनीय और जातिवादी शुद्धिकरण अनुष्ठान का आयोजन किया गया, जो अन्यायपूर्ण है। इस अपमानजनक एवं सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने वाली घटना पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई एवं एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। किंतु दोषियों पर कार्रवाई करने के स्थान पर उत्तराखंड पुलिस ने राज्य सरकार के दबाव में आकर उल्टे राहुल गांधी के खिलाफ ही हल्द्वानी सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कर दी।
ज्ञापन में कहा गया है कि यह कार्रवाई सीधे तौर पर प्रतिशोध की राजनीति, संवैधानिक मूल्यों के हनन और राज्य की पुलिस मशीनरी के दुरुपयोग को दर्शाती है। सामाजिक न्याय, दलित अधिकारों और समानता के लिए आवाज उठाने वालों को दबाने का यह प्रयास अत्यंत शर्मनाक एवं असंवैधानिक है।
महासमुंद कांग्रेस की प्रमुख मांगों में हल्द्वानी में जातिवादी शुद्धिकरण अनुष्ठान करने वाले दोषियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध राजनैतिक द्वेषवश दर्ज की गई झूठी एवं असंवैधानिक एफआईआर को तत्काल निरस्त करने, विपक्षी नेताओं और सामाजिक न्याय की आवाज उठाने वालों के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों का हनन तुरंत बंद करने की मांग की गई है। कहा गया है कि यदि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई नहीं की जाती और झूठे मामले वापस नहीं लिए जाते, तो कांग्रेस पार्टी सडक़ से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन करने हेतु बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष व विधायक खल्लारी द्वारिकाधीश यादव, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिलाध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर व समस्त पदाधिकारी शामिल हैं। ज्ञापन की प्रति राज्यपाल छत्तीसगढ़, गृह मंत्री भारत सरकार, मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री उत्तराखंड, पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जिला महासमुंद को भेजी गई है।