महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 मई। पुलिस ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से तस्करी कर लाई जा रही 450 लीटर अवैध महुआ शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्कर एक पुरानी वैन का इस्तेमाल कर रहा था, जिसे पुलिस ने नाकेबंदी कर धर दबोचा।
रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपनी मारुति वैन में महुआ शराब लेकर सरायपाली की ओर आ रहा है।
इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सरायपाली पुलिस ने सारंगढ़ रोड की ओर दर्राभांठा 132 केवी बिजली ऑफिस के पास कड़ी नाकेबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदेही मारुति वैन मौके पर पहुंची, जिसे पुलिस टीम ने रोक लिया। वाहन में केवल चालक मौजूद था। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो अंदर 15 प्लास्टिक ड्रम रखे हुए मिले, जिनमें कुल 450 लीटर महुआ शराब भरी हुई थी।
जब्त शराब की अनुमानित कीमत 90 हजार रुपए है। यह शराब सारंगढ़ से लाकर सरायपाली के ग्रामीण और शहरी इलाकों में खपाने की योजना थी। तस्करी में प्रयुक्त पुरानी मारुति कार कीमत 35,000 रुपये को भी जब्त कर लिया गया है।
इस तरह पुलिस ने कुल 1,25,000 रुपये की संपत्ति जब्त की है। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम फागुलाल थुरिया सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


