महासमुन्द

बरसात पूर्व आंबा और स्कूल भवनों को सुरक्षित बनाने जनपद में बनी कार्ययोजना
13-May-2026 3:58 PM
बरसात पूर्व आंबा और स्कूल भवनों को सुरक्षित बनाने जनपद में बनी कार्ययोजना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा,  13 मई। जनपद पंचायत बागबाहरा में आंगनबाड़ी और स्कूल भवनों की सुरक्षा तथा मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा को लेकर जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर द्वारा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एकीकृत बाल विकास परियोजना के पर्यवेक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी मंडावी, महिला एवं बाल विकास सभापति मधुलिका गणेश चंद्राकर, एसडीओ साधराम कुर्रे, उप अभियंता निर्मल ध्रुव, बाला प्रसाद, सिद्धार्थ त्रिपाठी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से भावना गुप्ता, रमा अग्रवाल, जामिन बरिहा और सरोजिनी आदित्य उपस्थित रहे।

बैठक में बरसात से पहले आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूल भवनों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को भवनों की मरम्मत, छतों की सुरक्षा, पानी निकासी, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाओं का निरीक्षण कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

तकनीकी समस्याओं और आवश्यक कार्यों को लेकर अधिकारियों के बीच चर्चा हुई तथा कार्यों को समय पर पूरा करने की रणनीति बनाई गई।

केशव चंद्राकर ने कहा कि बच्चों के लिए सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि हर माह समीक्षा बैठक आयोजित कर सुविधाओं और समस्याओं की समीक्षा की जाएगी।


अन्य पोस्ट