महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,30 अप्रैल। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में इस बार महासमुंद जिले ने सिर्फ बेहतर प्रदर्शन ही नहीं किया, बल्कि सफलता की नई मिसाल पेश की है। जिले की बेटियों ने टॉपर बनने के साथ ही पूरी मेरिट सूची पर अपना दबदबा कायम रखा। कक्षा 12वीं में 4 और 10वीं में 8 समेत कुल 12 छात्राओं ने टॉप टेन में जगह बनाई है। यह उपलब्धि महज अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमित संसाधनों में पढ़ाई और डिजिटल डिस्ट्रैक्शन से दूरी की प्रेरक कहानी भी है।
कक्षा 10वीं के परिणाम में दो छात्राओं एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुदा की संध्या नायक और एकलव्य इंग्लिश स्कूल बलौदा की परी रानी प्रधान ने 99 फीसदी अंक प्राप्त कर पूरे छत्तीसगढ़ में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इस बार टॉप.10 में एक भी छात्र जगह नहीं बना सका। मेरिट सूची में भी महासमुंद का एकतरफ ा प्रभाव दिखा। रानू सिद्धिमई साहू और रेणुका प्रधान ने 98.83 प्रतिशत अंकों के साथ राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 10वीं में जिले के 10003 छात्र सफल रहे। वहीं 12वीं में 8537 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इनमें छात्राओं की संख्या ज्यादा है। हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 12वीं में भी जिले का प्रदर्शन सराहनीय रहा। केजी कॉन्वेंट स्कूल सरायपाली की शहनाज परवीन ने 97.60 प्रतिशत अंकों के साथ राज्य में चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं केपीआई स्कूल चट्टीगिरोला सरायपाली की गीतिका प्रधान ने 97 प्रतिशत अंकों के साथ राज्य में 7वीं रैंक हासिल की।
बागबाहरा की पूर्वी देवांगन और अर्जुदा की दिव्या अग्रवाल ने भी टॉप 10 में जगह बनाई। परिजनों का कहना है बेटियां शुरू से पढ़ाई में काफ ी होशियार हैं। इससे पहले की परीक्षाओं में भी उन्होंने अच्छी सफलता पाई है। परिणामों की घोषणा के बाद से ही मेधावी छात्रों के घरों और स्कूलों में जश्न का माहौल है। मिठाई बांटने और ढोल-नगाड़ों के साथ छात्र सफलता का उत्सव मना रहे हैं। डीईओ बीएल देवांगन ने भी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है।
सादगी और समर्पण से सफलता
इन बेटियों की सफलताओं के पीछे सादगी और समर्पण की प्रेरक कहानियां भी हैं। स्टेट टॉपर परी रानी प्रधान तीन बहनों में सबसे बड़ी हैं। प्रतिदिन लगभग 7 घंटे पढ़ाई करती थीं और डॉक्टर बनने का सपना देखती हैं। उनके पिता सुशील प्रधान खेती के साथ ऑटो पाट्र्स की दुकान चलाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परी ने पढ़ाई के दौरान इंटरनेट से दूरी बनाए रखा और पूरी तरह अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहीं। दिलचस्प बात यह रही कि जब परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, तब परी अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में गई हुई थीं। जैसे ही उन्हें अपने टॉप करने की खबर मिली, वे तुरंत घर लौट आई। यह पल परिवार और पूरे महासमुंद जिले के लिए गर्व का क्षण बन गया।
इसी तरह कक्षा दसवीं में टॉप करने वाली संध्या नायक किसान परिवार से है। वह मूलत: माधोपाली की रहने वाली है। 10 वीं बोर्ड की परीक्षा में बिना किसी घबराहट के परीक्षा दी। घर में माता-पिता के साथ खेती बाड़ी में हाथ बंटाने के साथ ही वह रोजाना 2 घंटे तैयारी करती थी। जब रिजल्ट आया तो घर में ही सभी आराम कर रहे थे। रिजल्ट जानने के लिए बेचैन थी लेकिन नेट काम नहीं कर रहा था। न्यूज के माध्यम से पता लगा कि वह टॉपटेन में है। मां गीता नायक गृहिणी है। जबकि पिता जितेन्द्र नायक खेती बाड़ी करते हैं। संध्या आगे चलकर कलेक्टर बनना चाहती है। कुकिंग में उसे डोसा बनाना पसंद है।
कक्षा दसवीं में जिले की सफलता का प्रतिशत 79.35 रहा। बालिकाओं का 83.49 प्रतिशत प्रदर्शन बालकों के 73.64 प्रतिशत की तुलना में काफ ी बेहतर रहा। कुल 12 हजार 663 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। जिनमें से 10 हजार 003 सफल रहे।
इसी तरह कक्षा बारहवीं की परीक्षा में जिले का कुल पास प्रतिशत 80.89 प्रतिशत है। यहां भी बेटियों ने बाजी मारी। यहां छात्राओं का पास प्रतिशत 84.12 प्रतिशत रहा। 10 हजार 579 परीक्षार्थियों में से 8 हजार 537 छात्र उत्तीर्ण हुए। कक्षा 10वीं और 12वीं दोनो में भी बेटियों ने बाजी मारी। इस बार परिणामों में खास बात यह भी रही कि एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंदा के विद्यार्थियों ने मेरिट लिस्ट में झड़ी लगा दी। 10वीं की टॉप.10 सूची में इस स्कूल के 6 व 12वीं में 1 छात्र ने स्थान बनाया है।
इस तरह माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा घोषित सत्र 2025-26 के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में महासमुंद जिले ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। जिले के विद्यार्थियों ने न केवल उत्तीर्ण प्रतिशत में बेहतर उपलब्धि हासिल की, बल्कि प्रदेश की मेरिट सूची में भी स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है। खास बात यह रही कि इस वर्ष भी छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
प्रदेश की टॉप.10 सूची में महासमुंद जिले के 8 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिनमें अधिकांश छात्राएं हैं। प्रथम स्थान पर संयुक्त रूप से संध्या नायक एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुन्दा एवं परीरानी प्रधान एकलव्य इंग्लिश स्कूल बलोदा रहीं। दोनों ने 600 में से 594 अंक प्राप्त कर 99 प्रतिशत अंक हासिल किए।
द्वितीय स्थान पर रानू सिद्धमयी साहू एवं रेणुका प्रधान, दोनों एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुन्दा की छात्राएं रहीं। इन्होंने 600 में से 593 अंक प्राप्त कर 98.83 प्रतिशत अंक अर्जित किए। इसके अलावा चाहत चौधरी ने 588 अंक के साथ 7वां स्थान, हीना साहू ने 587 अंक के साथ 8वां स्थान, आरती चंद्रा एवं लता चौधरी ने 585 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से 10वां स्थान हासिल किया।
कक्षा 12वीं परीक्षा में जिले से कुल 10 हजार 664 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। जिनमें 4 हजार 426 छात्र तथा 6 हजार 238 छात्राएं शामिल थीं। इनमें से 10 हजार 579 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।


