महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18अक्टूबर। शुक्रवार को नगर की अधिष्ठात्री देवी महामाया मंदिर प्रांगण में दीपावली त्यौहार मनाने के संबंध में नगर पुरोहित पंकज तिवारी कीउपस्थिति में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें नारायण दास, त्रिभुवन, रोशन शर्मा, आशीष शर्मा, राजेश, सुरेंद्र दास, चंद्रबदन मिश्रा समेत अन्य पंडितों के अलावा विहिप के जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन चन्द्राकर, स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह राजेश डडसेना एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक में लक्ष्मी पूजा की तिथि इत्यादि के संबंध में सार्थक चर्चा उपरांत सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि लक्ष्मी पूजन के वास्तविक तिथि शुभ मुहूर्त 21 अक्टूबर दिन मंगलवार को सूर्योदय से संपूर्ण रात्रि तक मनाया जाएगा।
कहा गया कि 20 अक्टूबर को अमावस्या तिथि अवश्य है किंतु माता लक्ष्मी पूजा हेतु यह मुहूर्त अनुकूल नहीं है। इसलिए वैदिक शास्त्र अनुसार दिनांक 21 अक्टूबर मंगलवार को लक्ष्मी पूजन का योग अत्यधिक शुभ फलदायी है और इस दिन भौमवती अमावस्या होने से यह तिथि अधिक फलदाई है और दरिद्रता निवारण एवं सर्व सौभाग्य लक्ष्मी प्राप्ति कारक है। अत: 21 अक्टूबर को सम्पूर्ण दिन एवं सम्पूर्ण रात्रि में लक्ष्मी पूजन का शुभ योग बन रहा है।
स्थानीय सूर्य उदय के आधार पर नगर के पुरोहितों ने बैठक में 18 अक्टूबर को धनतेरस,19 अक्टूबर को चतुर्दशी, दीपदान, 20 अक्टूबर को रूप चतुर्दर्शी, 21अक्टूबर लक्ष्मी पूजा,22 अक्टूबर गोवर्धन पूजा और 23 अक्टूबर को भाई दूज वैदिक शास्त्र अनुसार शुभ फलदायी है। नगर के लागों से आह्वान किया गया है कि इसी तिथि पर त्योहार मनाएं।