महासमुन्द

चाकू मारकर हत्या, 3 हिरासत में
12-Oct-2025 11:02 PM
चाकू मारकर हत्या, 3 हिरासत में

महासमुंद, 12 अक्टूबर। कोतवाली के अंतर्गत ग्राम घोड़ारी में मामूली विवाद पर युवक की चाकू मारकर हत्या का मामला प्रकाश में आया है। घटना शुक्रवार की रात 10.30 बजे की है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान मुकेश ढीढी के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात आर्यन सोनवानी, राजेश मार्कण्डेय और आकाश ध्रुव, घोड़ारी मार्ग पर खड़े थे। उसी दौरान मुकेश ढीढी अपनी मोटर साइकिल से वहां पहुंचा और सड़क के बीच खड़े तीनों को साइड में खड़े होने कहा। इसी बात पर चारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी नशे में थे। उन्होंने गुस्से में आकर अपने पास रखे चाकू से मुकेश पर हमला कर दिया। चाकू लगने से मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने रायपुर के मेकाहारा रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान मुकेश की मौत हो गई। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हालांकि, पुलिस ने अभी तक आरोपियों की औपचारिक गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। तीनों से गहन पूछताछ की जा रही है।

 


अन्य पोस्ट