महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 जून। कल रायपुर जिले के चिखली रेत खदान की सीमा पर ग्राम सिरपुर, महानदी क्षेत्र में 3 वाहनों को रेत के अवैध उत्खनन करते हुए पकड़ा गया।
खनिज विभाग, पुलिस एवं राजस्व की टीम ने 3 चेन माउंटेड मशीन को अवैध रेत उत्खनन करते हुए जब्त किया है। तीनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ तुमगांव थाना में खड़ा किया गया है।
खनिज अधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि उक्त वाहनों पर खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकरण में 2 से 5 वर्षों की सजा का प्रावधान है और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया जाएगा।
पूर्व में भी खनिज पट्टेदारों एवं खनिज परिवहनकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए जा चुका है कि बिना वैध अभिवहन पास के खनिज का उत्खननए परिवहन या भंडारण करना कानूनन अपराध है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु खनिज विभाग का विशेष अभियान जारी है।