महासमुन्द
महासमुंद,13 जून। विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट संघपुष्पा भतपहरी ने कल गांजा तस्करी के दो आरोपियों को 15-15 वर्ष की कड़ी कैद और डेढ़-डेढ़ लाख रुपए अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की नहीं पटाने पर दोनों को 1-1 वर्ष की कड़ी कैद पृथक से भुगतनी होगी।
अभियोजन के अनुसार 17 अप्रैल 2024 को मुखबिर से मिली सूचना पर कोमाखान थाने के निरीक्षक शैलेंद्र नाग पुलिस दल के साथ कोमाखान चौकड़ी एनएच-353 पहुंचे। सूचना मिली थी कि 2 व्यक्ति ट्रक में कोयले के नीचे छिपाकर अवैध रूप से गांजा परिवहन करते ओडिशा से महासमुंद की ओर आ रहे हैं। ट्रक आने के पहले पुलिस दल ने मौका स्थल पर घेराबंदी कर ली। कुछ देर बाद उक्त ट्रक ओडि़शा की ओर से आते दिखा। समीप आने पर रोककर पूछताछ की गई। पुलिस की सख्ती बढऩे पर ड्राइवर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम मनोज गोड़ तथा बगल में बैठे श्यामू गोड़ को वाहन स्वामी बताया।
पुलिस ने 8 नग सफेद रंग की प्लास्टिक बोरियों के अंदर खाकी रंग की प्लास्टिक झिल्ली में पैक गांजा के 50 पैकेट जब्त किए। जिसका वजन 100 किलो था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। कल विशेष न्यायाधीश ने श्यामू गोड़ मुंबई तथा मनोज गोड़ उप्र वर्तमान पता मुंबई को 15-15 वर्ष कड़ी कैद की सजा सुनाई है। अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक नूतन साहू ने पैरवी की।