महासमुन्द

पर्यावरण दिवस पर बागबाहरा महाविद्यालय में भव्य आयोजन
06-Jun-2025 4:23 PM
पर्यावरण दिवस पर बागबाहरा महाविद्यालय में भव्य आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 6 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासकीय खेमराज लक्ष्मीचंद कला वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय बागबाहरा  में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने हेतु एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रकृति के प्रति कर्तव्यबोध जगाने और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत बागबाहरा के अध्यक्ष केशव नायक रामचंद्राकर रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद बागबाहरा की अध्यक्ष खिलेश्वरी बघेल ने की।

विशेष अतिथि के रूप में मंच पर भीखम सिंह ठाकुर उपाध्यक्ष जिला पंचायत महासमुंद तथा डिंपल डॉली ध्रुव अध्यक्ष भाजपा मंडल बागबाहरा उपस्थित रहीं।

केशव नायक राम चंद्राकर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज एक विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुका है। अगर हम आज पेड़ नहीं लगाएंगे, तो कल के बच्चे ऑक्सीजन के लिए तरसेंगे। वृक्ष जीवन का आधार हैं, वे जल, वायु और जमीन तीनों को संजीवनी प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि हर नागरिक को हर साल कम से कम एक पौधा लगाकर उसका पालन-पोषण करना चाहिए, तभी हम जलवायु संकट से उबर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, वन विभाग के अधिकारियों एवं छात्रों द्वारा पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ रश्मि मिंज ने कहा कि पर्यावरण शिक्षा को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाए बिना कोई स्थायी बदलाव नहीं लाया जा सकता। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय द्वारा वर्षभर पर्यावरणीय गतिविधियाँ संचालित की जाएगी।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति युवाओं में संवेदनशीलता लाना, वृक्षारोपण के माध्यम से हरियाली को बढ़ावा देना और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पर्यावरण सुरक्षा की जिम्मेदारी तय करना था।

इस दौरान प्रमुख रूप से पार्षदगण मंता यादव, सविता दीवान, मिथुन अमीर, शिव जगत, रमेश ठाकुर  जनप्रतिनिधि में रामजीलाल सिंह पूर्व सरपंच, ताम्रध्वज बघेल युवा कांग्रेस अध्यक्ष, चंदन मारकंडे। वन विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारीयों में लोकनाथ ध्रुव वन परिक्षेत्र अधिकारी, भुनेश्वर तिवारी डिप्टी रेंजर, गजानन बुड़ेक सहायक प्राध्यापक, दुलार सिंह सिंह वनरक्षक, लोकेंद्र अवाड़े, पालन कुमार दीवान, एस जी रात्रे, रामकुमार सिन्हा, नीलकंठ दीवान, चुनेश्वर ध्रुव, कविता ठाकुर, चित्र सेन दीवान, सुखनंदन यादव, शनी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक गण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट