महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जून। समाधान शिविर में राशन दुकान खोलने संबंधी ग्रामीणों की मांग पोर्टल में निराकृत बताना दिख रहा है पर हकीकत यह है कि ग्रामीणों की उक्त मांगें अब तक पूरी नहीं हो पाई है। ग्रामीण उसी मांग को लेकर बीते मंगलवार को फिर से जनदर्शन पहुंचे थे।
ग्राम पंचायत जोबाकला के आश्रित गांव गोड़पाली के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से वे शासन-प्रशासन से राशन दुकान की मांग करते आ रहे हैं। हाल ही में सुशासन तिहार में आवेदन देकर मांग की थी। सुशासन तिहार के पोर्टल में मांग का निराकरण कर देना दर्शाया गया है पर समस्या जस की तस बनी हुई है। बताया कि 12 सौ की आबादी वाले ग्राम गोंड़पाली में 400 राशन कार्डधारक हैं। कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे ग्रामीण धनेश्वर चंद्राकर, लता यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें राशन लेने के लिए साढ़े तीन किमी दूर ग्राम पंचायत जोबाकला जाना पड़ता है।
महासमुंद के खाद्य अधिकारी अजय यादव का कहना है कि छत्तीसगढ़ कंट्रोल आर्डर 2016 की कंडिका 8 ग में यह स्पष्ट है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत को इकाई मानकर एक गांव में केवल एक ही राशन दुकान खोली जाती है। विशेष परिस्थितियों में ही दूसरी दुकान खोली जाती है। इनके आवेदन पर सर्वे कराया जाएगा।
बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।