महासमुन्द
जनप्रतिनिधि-अफसर मौन, राहगीरों की आवाज कोई नहीं सुन रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जून। नेशनल हाइवे 53 पर ढांक और छुईपाली पर टोल वसूली करने वाली बीएससीपीएल टोल प्रबंधन की मनमानी चल रही है। कंपनी सडक़ पर चलने वाले वाहन चालकों से टोल की वसूली तो पूरी कर रही है पर राहगीरों की दी जाने वाली सुविधाओं में कटौती कर रही हैं। टोल प्रबंधन की इस मनमानी पर जनप्रतिनिधि और अफसर दोनों ही मौन हैं, जिसका खमियाजा राहगीरों को उठाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार महानदी पुल पर सडक़ के दोनों छोर पर लगी पोल लाइट्स बीते कई महीनों से बंद पड़ी हैं। जिस पर टोल प्रबंधन बिलकुल भी ध्यान नहीं दे रहा है। इसकी वजह से पुल पर न सिर्फ हादसे की,बल्कि अन्य तरह की दुर्घटनाओं की भी स्थिति बनी हुई है। यही हाल झलप और पटेवा पर लगे पोल लाइट्स का भी है, जो रात में गुजरने वाले राहगीरों के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं। इस रास्ते दुर्घटना के बाद घायलों को मुहैया कराए जाने वाली एंबुलेस सुविधाएं भी बेअसर है। दुर्घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सडक़ से उठाने में भी काफी देरी होती है और पूरे रास्ते इंडिकेटर का भी अभाव है। सडक़ पर टोल कंपनी द्वारा लगाई गई पोल लाइट्स बंद पड़ी है। जगह-जगह मवेशी बैठे हुए मिलेंगे।
इस टोल कंपनी का दायरा आरंग से लेकर जिले की सीमा तक है। जिसके लिए टोल प्रबंधन इस मार्ग पर गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों से टोल टैक्स वसूल करता हैं। कंपनी ने जिले में ढांक और छुईपाली के पास अपना टोल बेरियर बनाया है जहां वाहनों से टैक्स वसूल करती है। राहगीरों की मानें तो दुर्ग से लेकर संबलपुर के बीच मार्ग में टोल बेरियर में से ढांक और छुईपाली टोल में सर्वाधिक टोल टैक्स राहगीरों से ले रहीं है। आरंग से सरायपाली तक मार्ग में सडक़ के दोनों छोर पर अवैध कब्जा कर दुकानें अन्य व्यवसाय संचालित हैं। नियमानुसार हाईवे में कहीं भी कब्जा नहीं होना चाहिए। इन जगहों पर अक्सर दोपहिया वाहन चालक आए दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं और अपनी जान गंवा रहे हंै। इस तरह राहगीरों को मिलने वाली सुविधाओं को नजरअंदाज कर टोल प्रबंधन अपनी मनमानी कर रहा है।
इस सम्बंध में टोल प्रबंधक मनोज तिवारी से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी का कहना है कि टोल प्रबंधन की शिकायत परिवहन मंत्री और उच्च अफसरों तक की जाएगी। हमारी सरकार में किसी भी तरह की दिक्कत नागरिकों को नहीं होनी चाहिए।