महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जून। विगत दिनों पं. रविशंकर विश्वविद्यालय रायपुर के द्वारा बीए द्वितीय वर्ष के नतीजे जारी किए गए हैं, जिसमें अधिकांश विद्यार्थियों के परिणाम एक समान एवं एक जैसे अंक मिले हैं। इससे विद्यार्थियों को सन्देह है कि यूनिवर्सिटी से इस बार कोई गड़बड़ी या भूल हुई है। उनके द्वारा परीक्षा को सही ढंग से हल है। कम अंक मिलने की बात कहते हुए सरायपाली क्षेत्र के विद्यार्थियों ने कुल सचिव पं. रविशंकर विश्वविद्यालय रायपुर के नाम प्रभारी प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय बलौदा को ज्ञापन सौंपा है।
इस संबंध में विद्यार्थियों ने ‘छत्तीसगढ़’ को फोन पर बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय बलौदा में बीए द्वितीय वर्ष के अंग्रेजी, इतिहास एवं भूगोल विषय के छात्र-छात्राओं को शून्य से लेकर 8 तक के ही अंक मिले हैं। अत: ज्ञापन देकर उत्तरपुस्तिकाओं की निष्पक्ष जांच एवं विद्यार्थियों का संशोधित परीक्षाफल घोषित करते हुए वर्तमान परीक्षाफल में हुई गड़बड़ी को सार्वजनिक करते हुए दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की गई है। ऐसा नहीं होने पर विद्यार्थियों ने उग्र आंदोलन की बात भी कही है।
विद्यार्थियों ने बताया कि महाविद्यालय में कुल 46 छात्र छात्राएं अध्ययनरत हैं। जिनमें से केवल 2 ही पास हुए हैं। उनके द्वारा सभी प्रश्नों के उत्तर दिये जाने के बाद भी परीक्षा परिणाम में उचित अंक नहीं दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि यह परिणाम संदेहास्पद प्रतीत होता है क्योंकि इनमें से कई विद्यार्थी टॉपर रह चुके हैं, जो इस बार पूरक हो गए हैं।