महासमुन्द

सिंगबहाल खरीदी केंद्र में सामूहिक मिलीभगत से धान खरीदी की शिकायत, कार्रवाई की मांग
04-Jun-2025 3:57 PM
सिंगबहाल खरीदी केंद्र में सामूहिक मिलीभगत से धान खरीदी की शिकायत,  कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,4जून। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित सिंगबहाल में तत्कालीन पर्यवेक्षक एवं प्राधिकृत अधिकारी व ऑपरेटर द्वारा सामूहिक मिलीभगत से धान खरीदी सत्र 2022-23 व 2023-24 में फर्जी पंजीयन कर धान बिक्री कर अनुचित लाभ प्राप्त करने का आरोप लगाते हुए शिवंकर नायक ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। कलेक्टर को सौंपे आवेदनानुसार बताया गया है कि सिंगबहाल समिति में हेमंत साहू वर्ष 2020-21 में धान खरीदी प्रभारी के रूप में कार्य किया था। जिसमें 24743.48 क्विंटल शॉर्टेज पायी गयी थी।

 जिसकी शिकायत उप पंजीयक कार्यालय में की गई थी। शिकायत के बाद उप पंजीयक कार्यालय से जाँच अधिकारी मनोज कुमार नायक की प्रतिवेदन दिनांक 02-06-2022 के आधार पर आदेश देकर हेमंत साहू को दागी मानकर उसे प्रभारी समिति पद से हटाकर अन्य कर्मचारी को प्रभार देने कहा गया था।

 

जिसकी प्राधिकृत अधिकारी ने अवहेलना कर आदेश का उल्लंघन करते हुए हेमंत साहू पिता रिमांच साहू को पद पर बनाये रखा।

कहा है कि दोषी कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई नहीं होने पर उनका मनोबल इतना बढ़ गया कि तत्कालीन पर्यवेक्षक एवं प्राधिकृत अधिकारी लक्ष्मण कुमार पटेल एवं प्रभारी समिति प्रबंधक हेमंत साहू और कम्प्यूटर ऑपरेटर गिरिजाशंकर भोई द्वारा सामूहिक मिलीभगत से धान खरीदी सत्र 2022-23 में लगभग 100 हेक्टेयर फर्जी पंजीयन कर धान बिक्री कर अनुचित लाभ प्राप्त किया गया। फर्जी पंजीयन किये किसानों के रकबे में धान खरीदी करने के बाद भी इसमें से कुछ कृषकों से अल्पकालीन और मध्यमकालीन ऋण की वसूली नहीं कर व्यक्तिगत लाभ प्राप्त किया गया।

प्रभारी समिति प्रबंधक ने कलेक्टर से की शिकायत आवेदक ने आवेदन में बताया है कि उनके द्वारा तत्कालीन पर्यवेक्षक एवं प्राधिकृत अधिकारी लक्ष्मण कुमार पटेल को उपरोक्त आदेशों एवं संलग्न फर्जी पंजीयन कृत्यों की सूची के साथ शिकायत की बात करने पर आनन-फानन में इस फर्जीवाड़े को समिति स्तर पर दबाने और समिति का नाम खराब ना हो एवं इन सब को सुधरने का एक मौका देने की बात कहकर आवेदक शिवशंकर नायक को समिति सिंगबहाल का प्रभारी समिति प्रबंधक का चार्ज बिना खाद स्टाक का सत्यापन किये दिया गया और स्टाक की कमी की पूर्ति सितंबर तक करने की बात कही गई।

लेकिन उन्हें समिति का प्रभार देने के महीने भर बाद ही लक्ष्मण कुमार पटेल द्वारा उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जाने लगा।

 चार्ज लिए हो तो तुम्हें भरपाई करना पड़ेगा कहकर दबाव बनाने लगा।  उन्होंने शिकायत में बताया कि लक्ष्मण कुमार पटेल द्वारा हेमंत साहू के साथ मिलकर उनके विरूद्ध उच्चाधिकारियों से झूठी शिकायत की गई। उन्होंने कलेक्टर को दिए आवेदन में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट