महासमुन्द

तेंदूकोना और पिथौरा के ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े चोरी की वारदातें बढ़ी
03-Jun-2025 7:29 PM
तेंदूकोना और पिथौरा के ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े चोरी की वारदातें बढ़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 3 जून। महासमुंद जिले के तेंदूकोना और पिथौरा थाना अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं।

 तेंदुकोना में चोरों ने सूने मकान से 1 लाख रुपए से अधिक के जेवर सहित नकदी पार कर दी। पुलिस के अनुसार तेंदूकोना थाना अंतर्गत वार्ड 11 डिहीपारा-बुंदेली निवासी जागेश्वर दीवान ने पुलिस को बताया कि 1 जून की सुबह 7 बजे उनका पूरा परिवार गुड़ीबाहरा खार में धान काटने गया था। बेटा उत्तम दीवान पानी लेने घर आया तो बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है। घर जाकर देखा तो घर का ताला टूटा हुआ था अंदर घर के कमरे की आलमारी का ताला तोडक़र नगदी 25 हजार रुपए, एक नग चांदी की ऐंठी पुरानी इस्तेमाली (6 हजार रुपए) एक नग सोने का लॉकेट पुरानी इस्तेमाली (कीमती 5 हजार 100 रुपए, कुल 36 हजार 100 रुपए) गायब थे। उन्होंने बताया कि पड़ोस की रेवती दीवान व लक्ष्मी दीवान ने बताया कि दो बाइक में चार लोग आए थे और घर के अंदर ताला तोडक़र घुसे थे। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया है।

इसी तरह तेंदूकोना थाना क्षेत्र के शिकारीपाली निवासी कीर्तन कुमार बाघमारे ने पुलिस को बताया कि वह घरेलू काम से खरियार रोड ओडि़शा गया था। पत्नी पूजा बाई और मां सुरूज बाई रिश्तेदारों के यहां अन्य गांव गए थे। घर में बेटी कुमारी नीलम अकेली थी जो लगभग 10 बजे घर में ताला लगाकर पड़ोस में बड़ी मां के घर गई थी। लगभग 12 बजे लौटी तो मुख्य दरवाजा की सिटकनी टूटी हुई थी। घर के कमरों का दरवाजा खुला हुआ था।

आलमारी और पेटी भी खुली थी। चोरी होने के संदेह होने पर फोन कर मुझे बताया कि घर में चोरी हो गई है।  घर आकर देखा तो आलमारी और पेटी का ताला टूटा हुआ था। आलमारी से पुरानी इस्तेमाली 01 नग सोने की माला 07 पत्ती वाली (कीमती करीब 20 हजार रुपए) दो जोड़ी चांदी की पायल (कीमती करीब 5 हजार रुपए) एक जोड़ी चांदी की ऐंठी (कीमती करीब 5 हजार रुपए) व नकदी 15 हजार रुपए गायब थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 305(ए) व 331(3) के तहत मामला दर्ज किया है।

इसी तरह पिथौरा थाना अंतर्गत ग्राम ठाकुरदियाखुर्द निवासी लुलेश्वरी साहू ने थाने में शिकायत की है कि 1 मई की दोपहर करीब 1 बजे मेहत्तर साहू की पत्नी की अंत्येष्टि में गई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे पुत्र गोपाल साहू ने मेहत्तर साहू के घर आकर मुझे बताया कि घर का दरवाजा खुला है ताला टूटा हुआ है घर अंदर की पेटी खुली हुई है। जाकर देखा तो पेटी का ताला टूटा हुआ था। उसमें रखा कपड़ा तथा बैग में रखे कपड़े नहीं थे पेटी से नगदी 4 हजार रुपए, सोने-चांदी के जेवरात कीमती (करीब 30 हजार रुपए) गायब थे। सूचना पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

बहरहाल,  क्षेत्र में लगातार दिनदहाड़े चोरियों के कारण लोगों में दहशत व्याप्त है।


अन्य पोस्ट