महासमुन्द

गौरव पथ में 6 की जगह 4-5 फीट गहरे खंभे लगाए, 2 गिरे
02-Jun-2025 3:51 PM
गौरव पथ में 6 की जगह 4-5 फीट गहरे खंभे लगाए, 2 गिरे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,2जून। सरायपाली में निर्माणाधीन गौरवपथ व नाली निर्माण की शिकायत के बाद अब नए लगाए गए विद्युत पोल के गिरने की शिकायतें शुरू हो गई है।

बीते शुक्रवार रात को हुए बारिश से नगर के मध्य 2 विद्युत पोल गिर गए। वही निरंजन अग्रवाल के घर के सामने बन रहे नाली के कारण समीप ही गाड़े गए पोल की भी गिरने की संभावना को देखते हए उसे अन्य लोहे की पाइप से बांध दिया गया है। घटिया तरीके से लगाए गए विद्युत पोल की शिकायत संबंधित अधिकारियों को पोल लगाते समय ही नगरवासियों ने शिकायत कर ध्यान आकर्षित कराया था।

 

वहीं समाचारों के माध्यम से भी गड़ाए जा रहे पोलों की गुणवत्ता को लेकर नगरपालिका, विद्युत विभाग व स्थानीय प्रशासन को विधायक चातुरी नंद ने भी अवगत कराया था। निरंजन अग्रवाल घर के सामने के भी खंबे को सपोर्ट देकर अस्थायी तौर पर बांधा गया है। जानकारी के मुताबिक विद्युत पोल को 2 मीटर से ज्यादा ;6 फीट गहरा खोद कर लगाने का प्रावधान है लेकिन देखने में प्रतीत हो रहा है कि केवल 4 से 5 फ ीट ही खोदा गया है साथ ही इसे मजबूत कांक्रीट से ढलाई करने का है और पानी नहीं डाला गया है।


अन्य पोस्ट