महासमुन्द

बारिश से घंटों बिजली गुल, दर्जन भर से अधिक गांवों में रात भर ब्लैक आउट
31-May-2025 3:48 PM
बारिश से घंटों बिजली गुल, दर्जन भर से अधिक गांवों में रात भर ब्लैक आउट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,31मई। शुक्रवार शाम की अंधड़ बारिश से जिला मुख्यालय से लगे एक दर्जन से अधिक ग्रामों में ब्लैक आउट की स्थिति निर्मित हो गयी। फलस्वरूप मचेवा, नांदगांव, चिंगरौंद, बड़ोदा, लाफिन, साराडीह, भलेसर, बम्हनी सहित आसपास के अनेक ग्राम अंधेरे में डूब गये। रात भर ब्लैक आउट के बाद सुबह स्थिति सामान्य होने की खबर है। शाम 5 बजे से गुल हुई बिजली आज सुबह दस बजे समाचार लिखे जाने तक बहाल नहीं हो पाई थी। फलस्वरूप ग्रामीण बार-बार बिजली अधिकारियों से संपर्क साधते रहे।

मिली जानकारी के अनुसार कल दिन भर उमस के बाद शाम साढ़े 5 बजे अचानक गरज चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवा के चलते अनेक ग्रामों में अनेक स्थानों पर बिजली के तार टूट गए। इस दौरान एक दर्जन से अधिकं ग्रामों में ब्लैक आउट की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रही। लोग लगातार बिजली दफ्तर के पूछताछ नंबर पर संपर्क करते रहे। पता चला है कि पूछताछ पर ड्यूटी कर्मचारी ने कॉल रिसीव नहीं किया।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी की वजह से जिले में बिजली की मांग अचानक से बढ़ गई है।

 मई अभी खत्म भी नहीं हुआ है और जिले में बिजली की खपत रिकार्ड 195 मेगावाट हो चुकी है। इसकी वजह से अनेक टांसफार्मर फेल हो चुके हैं और  विद्युत कंपनी की परेशानी बढ़ गई। यह अब तक का सबसे अधिक बिजली खपत है। फिलहाल बिजली कर्मी सुधार में जुटे हैं।


अन्य पोस्ट