महासमुन्द

बीज और खाद की गुणवत्ता जांचने सैंपल लिए
29-May-2025 3:13 PM
 बीज और खाद की गुणवत्ता जांचने सैंपल लिए

इस बार बीजों के 245 सैंपल और खाद के 228 का लक्ष्य मिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 मई। खरीफ सीजन की शुरूआत से पहले कृषि विभाग इन दिनों बीज और खाद की गुणवत्ता जांचने सैंपलिंग कर रहा है। जिसके तहत जिलेभर की दुकानों में दबिश देकर सैंपल लेने का कार्य जारी है। इस बार विभाग को बीजों के 245 सैंपल और खाद के 228 का लक्ष्य मिला है। अब तक बीजों के लगभग 165 और खाद के 48 सैंपल प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं।

मालूम हो कि किसानों को मानक स्तर के बीज और खाद मिले, इसके लिए विभाग द्वारा हर साल बीज और खाद का सैंपल परीक्षण प्रयोगशाला लाभांडी रायपुर भेजा जाता है। खाद व बीजों की सैंपलिंग 15 अप्रैल से शुरू हुआ है, जो जुलाई तक चलेगा। बीज के सैंपल की रिपोर्ट आने में लगभग  7से10 दिन और खाद के सैंपल की रिपोर्ट आने में लगभग 10 से15 दिन लगता है। रिपोर्ट अमानक पाए जाने पर विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है और उन्हें बाजार से वापस मंगा लिया जाता है।

कृषि विभाग के के मुताबिक खाद व बीजों की सैंपलिंग का कार्य चल रहा है। इस साल विभाग को बीज का 245 का लक्ष्य मिला है। अभी तक 165 बीजों का सैंपल भेजा जा चुका है जिनमें से 103 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है जिसमें से  सभी बीज के सैंपल मानक पाए गए हैं। शेष 62 की रिपोर्ट जल्द ही प्राप्त हो जाएगी।  इसी तरह खाद के लिए 228 का लक्ष्य मिला है। अभी तक 48 खाद का सैंपल प्रयोगशाला भेजा जा चुका हैए जिसमें से 43 की रिपोर्ट आई है जो सभी मानक हैं । शेष 5 खाद सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।

विभाग के मुताबिक पिछले साल विभाग को खाद और बीज के 455 सैंपल लेने का लक्ष्य मिला था। गत वर्ष बीज के लिए 245 का लक्ष्य विभाग को मिला था। गत वर्ष लक्ष्य से अधिक 262 सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजा गया था जिसमें से 257 बीज का सैंपल की रिपोर्ट मानक आई थी और 5 अमानक पाया गया था। इसी तरह खाद का भी लक्ष्य 210 था इसमें भी लक्ष्य से अधिक 214 का सैंपल लिया गया था जिसमें सभी 213 की रिपोर्ट मानक और एक सैंपल की रिपोर्ट अमानक पाई गयी थी। हर साल की तरह जो भी खाद व बीज के सैंपल अमानक पाए जाते हैं, उनके लाट को बाजार से वापस मंगाकर उस पर बिक्री में प्रतिबंध लगाया जाता है। हालांकि पिछले कुछ वर्षों से अमानक खाद.बीज की संख्या में कमी आई है। कृषि अधिकारियों के मुताबकि खाद और बीज अमानक होने पर फसल पर असर पड़ता है। किसानों की फसल प्रभावित होती है। इससे किसानों को नुकसान होता है।

 इस कारण किसानों को प्रमाणित बीज लेने के लिए प्रेरित किया जाता है। प्रमाणित बीज की बोआई करने से उत्पादन अच्छा होता है।


अन्य पोस्ट