महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मई। इस वक्त जेेठ नवतपा का समय चल रहा है लेकिन इस बार अंचल में सावन का नजारा दिखाई दे रहा है। कल दोपहर बाद झमाझम बारिश से जिला तर-बतर हो गया। आज भी सावन की तरह ठंडी हवाओं के साथ आसमान में बदली छाई हुई है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर कहीं कम तो कहीं अधिक बारिश है। लेकिन भारी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शहरी क्षेत्र में जगह-जगह पानी भर जाने की भी शिकायतें सामने आई है। कहीं नालियां जाम होने के कारण पानी सडक़ तक भर गया, तो कहीं स्कूल मैदानों में लबालब पानी भर गया। बारिश से कई स्थानों पर जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई है। नालियों की बराबर सफाई नहीं होने के कारण कई जगहों पर नाली जाम है। यह तस्वीर सरायपाली के कन्या मिडिल स्कूल की है। स्कूल के बाहर का क्षेत्र भी लबालब दिखाई दे रहा है। इसी तरह की स्थिति और भी कई स्थानों पर देखी गई है।
इस साल नवतपा बीते 25 मई से लग चुका है। नवतपे में कभी सूरज आग उलगलता था लेकिन इस साल अंचल में झमाझम बारिश हो रही है। बीते 16 वर्षों बाद मानसून के शीघ्र आगमन की खबर ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाई है। कल प्री मानसूनी बारिश ने किसानों के लिए अच्छे संकेत दिए हैं। बीते सप्ताह भर अंचल में चिलचिलाती गर्मी पड़ रही थी। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ तेज आंधी और तूफान की संभावना के चलते रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार महासमुंद सहित 8 जिलों को अगले 5 दिनों के लिए रेड अलर्ट जोन में रखा गया है। इन जिलों में बारिश के साथ 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी.तूफान आने की संभावना भी जताई गई है। जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने पहले ही अगले 5 दिनों तक प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है। जिसमें गरज.चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने संभावित नुकसान को देखते हुए प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान पेड़ गिरने, बिजली गुल होने और अस्थाई ढांचों को नुकसान पहुंचने की संभावना है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्री-मानसूनी बारिश से मिट्टी में नमी बढ़ेगी, जिससे आने वाले खरीफ सीजन में बोनी की तैयारियां शुरू हो सकेंगी